विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरदोई में व्यापारी से 5 किलो चांदी लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

Published: Fri, 02 Oct 2026 12:41 PM (IST)

हरदोई के शाहाबाद में 27 सितंबर को व्यापारी से हुई पांच किलो चांदी की लूट का पुलिस ने राजफाश कर दिया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. हरदोई में 5 किलो चांदी लूट का पुलिस ने किया राजफाश।

  2. पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुए।

  3. व्यापारी का चालक ही निकला लूट का मुख्य सूत्रधार।

जागरण संवाददाता, हरदोई। शाहाबाद थाना क्षेत्र में 27 सितंबर को व्यापारी से हुई पांच किलो चांदी की लूट का पुलिस ने राजफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपियों में दो पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार, 2.25 किलो लूटी गई चांदी, दो 315 बोर तमंचे, चार जिंदा और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

सीओ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि 27 सितंबर को हृदयराम सोनी पुत्र श्रीराम, निवासी अहमदगंज परम विहार कॉलोनी, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ, अपने चालक के साथ वैगनआर कार से शाहजहांपुर से लखनऊ जा रहे थे। शाहाबाद क्षेत्र में बजरी प्लांट के पास स्विफ्ट कार सवार चार युवकों ने ओवरटेक कर उनकी कार रोक ली।

बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर पांच किलो चांदी से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। मामले में शाहाबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। राजफाश के लिए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर तीन टीमें गठित की गई थीं। सीसीटीवी फुटेज, पूछताछ और सर्विलांस के आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही थी।

इसी दौरान 1/2 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल छह आरोपी शाहजहांपुर से लखनऊ की ओर जा रहे हैं। सूचना पर सर्विलांस, एसओजी, स्वाट और शाहाबाद पुलिस ने शाहाबाद बाईपास पर चेकिंग शुरू की।

WhatsApp Image 2026-10-02 at 10.06.30 AM (1)

इसी दौरान बिना नंबर की सफेद डिजायर आती दिखाई दी। पुलिस के अनुसार, रोकने का प्रयास करने पर कार सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुशील और विमल पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घेराबंदी कर अमन और करन को भी पकड़ लिया गया, जबकि दो आरोपी फरार हो गए। गिरफ्तार सुशील निवासी मुहल्ला सिधौली, थाना रामनगर, जिला बाराबंकी, हाल निवासी मकान नंबर 145, राधा ग्राम डूडा कॉलोनी, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ; विमल निवासी ग्राम लीलाखेड़ा, थाना दुबग्गा, लखनऊ; अमन निवासी बनियाखेड़ा, थाना दुबग्गा, लखनऊ और करन निवासी गऊघाट अहमदगंज, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ हैं।

पूछताछ में पुलिस के अनुसार सामने आया कि करन व्यापारी हृदयराम सोनी का चालक था और उसे चांदी के कारोबार की जानकारी थी। आरोप है कि करन ने इंटरनेट कॉलिंग के जरिए अपने साथियों को चांदी ले जाने की जानकारी दी थी।

WhatsApp Image 2026-10-02 at 10.06.29 AM

इसके बाद सुनसान और निर्माणाधीन हाईवे वाले स्थान को वारदात के लिए चुना गया। शक से बचने के लिए आरोपियों ने करन के साथ भी मारपीट की और उसकी आंखों में लाल मिर्च पाउडर डालने का नाटक किया।पुलिस के मुताबिक, व्यापारी की कार में कुल 17.5 किलो चांदी दो बैगों में थी।

एक बैग से पांच किलो चांदी लूटने के बाद शेष चांदी व्यापारी ने अपने परिचित अतुल को बेहटा गोकुल के पास बुलाकर दे दी थी। पुलिस ने मामले में बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।