हरदोई में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्कर, सास-दामाद की मौके पर हो गई मौत
हरदोई में बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार सास-दामाद को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

सड़क हादसे में सास और दामाद की मौत।
HighLights
हरदोई में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवारों को टक्कर मारी।
हादसे में सास गुड्डी और दामाद सुरजीत की दर्दनाक मौत।
चालक फरार, पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया।
जागरण संवाददाता, हरदोई। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-सीतापुर मार्ग पर माड़िया गांव के पास गुरुवार देर शाम एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार सास-दामाद को जोरदार टक्कर मार दी।
इस भीषण हादसे में सास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दामाद ने मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया है।
सांडी के नोनखारा गांव की गुड्डी और उनके दामाद हरपालपुर के ग्राम शेखपुर के सुरजीत दोनों दिल्ली की एक प्राइवेट फैक्ट्री में काम करते थे। सोमवार को ही दोनों दिल्ली से अपने घर लौटे थे।
बृहस्पतिवार को सुरजीत अपनी सास गुड्डी को दवा दिलाने के लिए बाइक से हरदोई आए थे। दवा लेने के बाद दोनों टड़ियावां थाना क्षेत्र के इटौली गांव में रहने वाली गुड्डी की बहन मीना के घर जा रहे थे।
रास्ते में जानकारी न होने के कारण वे मार्ग भटक गए और सही रास्ता पकड़ने के बजाय सीतापुर मार्ग की तरफ निकल पड़े।जब वे बेनीगंज कोतवाली के मड़िया टंकी के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक थी कि सुरजीत का एक हाथ कटकर सड़क से करीब 30 मीटर दूर जा गिरा, जबकि गुड्डी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सुरजीत को तुरंत जिला मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बेनीगंज कोतवाल ने बताया कि फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश की जा रही है और वाहन को सीज कर दिया गया है। तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- बरेली पानी की टंकी हादसा: निर्माण में नहीं थी कोई कमी, किच्छा नदी के तेज कटान से गिरा ओवरहेड टैंक
