विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

24 घंटे में आपके घर पहुंचेगी डाक, दो नई सेवाएं शुरू करने का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में जुटा विभाग

Published: Tue, 13 Jan 2026 06:00 AM (IST)

डाक विभाग एमेजान-फ्लिपकार्ट की तर्ज पर 24 और 48 घंटे में पार्सल डिलीवरी के लिए 'स्पीड पोस्ट 24' व 'स्पीड ...और पढ़ें

News Article Hero Image

मुकुल रस्तोगी, हरदोई। एमेजान, फ्लिपकार्ट जैसी ई-कामर्स कंपनियों की डिलीवरी (वितरण) सेवाओं की तर्ज पर डाक विभाग भी 24 और 48 घंटे में आपके घर तक पार्सल पहुंचाएगा। देश के छह महानगरों के बाद अब जिले में भी स्पीड पोस्ट 24 व 48 नाम से दो नई डाक सेवाओं की शुरुआत होने जा रही है।

इन सेवाओं के तहत डाक और पार्सल की 24 घंटे व 48 घंटे के अंदर डिलीवरी की जाएगी। इससे आम लोगों, व्यापारियों और सरकारी कार्यों को सीधा लाभ मिलेगा। इस आशय का एक पत्र विभाग को प्राप्त हुआ है, जिसमें भौतिक व तकनीकी स्तर पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

आय बढ़ाने की दिशा में विभाग ने बढ़ाया कदम  

प्राइवेट कंपनियों से प्रतिस्पर्धा में बने रहने, लोगों को कम खर्च में बेहतर सेवाएं देने और आय बढ़ाने की दिशा में डाक विभाग ने एक और कदम बढ़ाया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि 24 व 48 घंटे में पार्सल पहुंचाने के लिए ई-कामर्स कंपनियां प्राइम मेंबर प्लान (प्राथमिक सदस्य योजना) जैसी स्कीम दे रहीं हैं।

इनसे लोगों का समय तो बच रहा है, लेकिन आर्थिक भार बढ़ रहा है। डाक विभाग ने ऐसे ही उपभोक्ताओं के लिए दोनों सेवाएं शुरू की हैं। अभी इन सेवाओं पर खर्च की सटीक जानकारी नहीं है, लेकिन निजी कंपनियों से किफायती होंगी। अगले डेढ़ से दो माह में दोनों सेवाओं के संचालन की उम्मीद जताई जा रही है। पहले चरण में दोनों सेवाओं को मुंबई, दिल्ली, काेलकाता समेत छह महानगरों में शुरू किया गया है। अगले चरण में छोटे शहरों में संचालन किया जाएगा।

नई सेवाओं से ये होगा फायदा

  1. -स्थानीय व्यापारियों व छोटे उद्यमियों को अधिक लाभ होगा
  2. -सरकारी पत्राचार और जरूरी दस्तावेज तेजी से पहुंचेंगे
  3. -निजी कोरियर की सीमित पहुंच वाले ग्रामीण इलाकों को लाभ होगा
  4. -ई-कामर्स और आनलाइन सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा


नगर क्षेत्रों में पहले शुरू होंगी सेवाएं

स्पीड पोस्ट 24 व 48 को पहले चरण में जिले के नगर क्षेत्रों में शुरू किया जाएगा। इसके लिए तैयारी शुरू की जा चुकी है। नगर क्षेत्रों में व्यवस्थित संचालन के बाद सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों में भी विस्तार दिया जाएगा।


24 व 48 घंटों के भीतर डाक व पार्सल उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए भौतिक व तकनीकी ढांचा तैयार किया जा रहा है। दो माह के अंदर नगर क्षेत्रों में दोनों सेवाओं के संचालन की उम्मीद है। - वीरेंद्र कुमार सोनकर, डाक अधीक्षक