विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाजार में करोड़ों की जमीन और कागजों में 'सस्ती', किसानों ने सर्किल रेट बढ़ाने को लेकर हरदोई के DM को भेजा लेटर

Published: Fri, 11 Sep 2026 03:25 PM (IST)

संडीला तहसील के किसानों ने हरदोई जिलाधिकारी को पत्र लिखकर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे की जमीनों के सर्किल रेट बढ़ाने की मांग की है।

किसानों ने सर्किल रेट बढ़ाने मांग को लेकर डीएम को भेजा लेटर।

किसानों ने सर्किल रेट बढ़ाने मांग को लेकर डीएम को भेजा लेटर।

HighLights

  1. राष्ट्रीय राजमार्ग के पास जमीनों का बाजार मूल्य कई गुना बढ़ा।

  2. किसानों को प्रस्तावित सर्किल रेट से उचित मुआवजा नहीं मिल रहा।

  3. हरदोई डीएम को पत्र भेजकर सर्किल रेट बढ़ाने की मांग की।

जागरण संवाददाता, संडीला। तहसील क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास बसे गांवों की जमीनें आसमान छूने लगी है लेकिन सर्किल रेट बहुत कम होने से किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल पा रहा है, जिसको लेकर किसानों ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में सर्किल रेट बढ़ाने की मांग की है।

ग्राम रैसों के किसानों ने जिलाधिकारी को प्रेषित पत्र में कहा है कि उत्तर प्रदेश स्टाम्प (संपति का मूल्यांकन) नियमावली 1997 यथासंशोधित नियमावली 2013 एवं 2015 पुनरीक्षित प्रस्तावित मूल्यांकन सूची तहसील संडीला हेतु जिलाधिकारी द्वारा अवलोकनार्थ शिकायत एवं सुझाव के लिए प्रस्तुत की गई है। जिसमें विकास शील क्षेत्रों में पूर्व के मूल्यांकन में 15 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।

किसानों का कहना है कि विगत तीन वर्षों में रैसों की जमीन का बाजार मूल्य कई गुणा की वृद्धि हुई है। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे की जमीनें एक करोड़ पच्चीस लाख से लेकर दो करोड़ तक के बैनामा किए जा चुके है और कृषि योग्य जमीनें भी 40 लाख से 70 लाख रुपये तक बाजार मूल्य है। 

जबकि प्रस्तावित मूल्यांकन सूची में ग्राम  रैसों की कृषि योग्य भूमि की प्रचलित दर पैतीस लाख पच्चास हजार रखी गई है जो बाजार मूल्य से बहुत कम है। किसानों ने जिलाधिकारी से बाजार मूल्य के बराबर जमीनों का मुआवजा दिलाने की मांग की है।

पत्र में कवलजीत सिंह, गिरजा शंकर, अनिल कुमार, दिलीप कुमार, राम कुमार, भैयालाल, चेतराम, राजेंद्र, राजेश आदि दर्जनों किसानों बाजार मूल्य दिलाने की मांग की है।