हरदोई में बाबुलों को मिलेगी राहत, 720 बेटियों के पीले होंगे हाथ, सामूहिक विवाह की तैयारियां तेज
हरदोई में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत अक्टूबर या नवंबर में 720 बेटियों की शादी की तैयारी चल रही है।

HighLights
हरदोई में 720 बेटियों के सामूहिक विवाह की तैयारी।
अक्टूबर या नवंबर में आयोजित होंगे विवाह समारोह।
लंबित आवेदनों का तेजी से किया जा रहा सत्यापन।
जागरण संवाददाता, हरदोई। जिले में जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए एक बार फिर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मंडप सजने वाले हैं। अक्टूबर या नवंबर महीने में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। चालू वित्तीय वर्ष के निर्धारित वार्षिक लक्ष्य को पूरा करने के लिए जिले में अभी 720 जोड़ों का विवाह कराया जाना शेष है।
शासन से जल्द ही बजट स्वीकृत होने की संभावना को देखते हुए नए आवेदनों के साथ-साथ पूर्व में आए लंबित आवेदनों का भी तेजी से निस्तारण किया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, आवेदनों के त्वरित सत्यापन के बाद जल्द ही विवाह की आधिकारिक तिथियां घोषित कर दी जाएंगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश यादव ने बताया कि अभी अगस्त में ही गोपामऊ, शाहाबाद, सवायजपुर, बिलग्राम-मल्लावां व संडीला क्षेत्र के तहत विवाह आयोजन कराए गए। जिले को इस वर्ष 1494 विवाह कराए जाने का लय प्राप्त हुआ था, जिसमें से 700 से अधिक विवाह कराए जा चुके हैं। बजट आते ही करीब 720 विवाह कराए जाएंगे। तिथियां जल्द घोषित की जाएंगी।
शाहाबाद और बिलग्राम के जरूरतमंदों को मिलेगी बड़ी राहत
अधिकारियों का कहना है कि शाहाबाद और बिलग्राम सहित अन्य ब्लाकों में बड़ी संख्या में आवेदन सत्यापन के बाद भी लंबित रह गए थे। इस बार इन क्षेत्रों के प्रतीक्षा कर रहे परिवारों को प्राथमिकता मिलने से लंबे समय से इंतज़ार कर रहे आवेदकों को बड़ी राहत मिलेगी।
