विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रति चक्कर के 500 रुपये दो, वरना नहीं चलेगी बस...हरदोई में तीन के खिलाफ मुकदमा

Published: Fri, 21 Aug 2026 04:03 PM (IST)

हरदोई में एक निजी बस संचालक ने तीन लोगों पर प्रति चक्कर 500 रुपये की वसूली, जानमाल की धमकी और मोबाइल छीनने का आरोप लगाया है।

तस्वीर- फाइल।

तस्वीर- फाइल।

HighLights

  1. बस संचालक से प्रति चक्कर 500 रुपये की वसूली का आरोप।

  2. पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी, मोबाइल छीना।

  3. हरदोई पुलिस ने तीन आरोपियों पर एफआईआर दर्ज की।

जागरण संवाददाता, हरदोई। अगर बस लेकर जाओगे प्रति चक्कर के 500 रुपये देने होंगे... एक निजी बस संचालक ने तीन लोगों पर वसूली करने और जानमाल की धमकी देकर मोबाइल छीनने का आरोप लगाया। इसका वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। देहात कोतवाली पुलिस ने तीन के विरुद्ध एफआइआर दर्ज की है।

मेरठ जिले के किठौर असीनपुर निवासी अफ्फान ने बताया कि वह स्लीपर बस (हरदोई से राजस्थान) का संचालन करता है। जब उसकी बस पिहानी चुंगी के पास पहुंची, उसी समय बेहटा गोकुल के ग्राम सकाहा के अनुराग द्विवेदी ने अपने दो अज्ञात साथियों के साथ बस को जबरन रुकवा लिया।

आरोपितों ने उसने प्रति चक्कर 500 रुपये देने की मांग रखी। जब पैसे देने से इन्कार किया, तो आरोपित उग्र होकर गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद चालक का मोबाइल फोन छीन लिया और चेतावनी दी कि बिना रुपये दिए पिहानी चुंगी से बस नहीं निकलने दी जाएगी।

विरोध करने पर आरोपियों ने बस संचालक और उसके स्टाफ को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गुरुवार शाम अनुराग द्विवेदी और उसके दो अज्ञात साथियों के विरुद्ध एफआइआर दर्ज की है।

प्रभारी निरीक्षक समर बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच उपनिरीक्षक अमरनाथ सरोज को सौंपी गई है और उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।