आन-बान-शान से फहराया गया तिरंगा
कोरोना से बचाव का पालन ही आज के मायने में सच्ची राष्ट्रभक्ति
हरदोई : जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास का दिन है, लेकिन कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करने से कार्यक्रमों को समारोह में नहीं बदला गया। आजादी के लिए सब कुछ न्योछावर करने वाले जाने-अनजाने सभी वीर सपूतों को नमन किया। कोरोना वारियर्स के रूप में काम कर रहे अधिकारियों-कर्मचारियों के योगदान की प्रशंसा की। कहा कि कोरोना से बचाव के लिए अनावश्यक घर से न निकलना, मास्क और अन्य गाइडलाइन का पालन करना ही आज के मायने में सच्ची राष्ट्रभक्ति है।
डीएम पुलकित खरे ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण किया। संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आज के हालात हम सभी को याद रहेंगे। जब हर्षोल्लास के मध्य अधिकारी और कर्मचारी कोरोना जैसी महामारी से जंग लड़ रहे हैं। आजादी के पहला मौका है जब समाज के महामारी से बचाने के लिए पुलिस, प्रशासनिक और चिकित्सा विभाग के अधिकारी, सफाई कर्मी, वार्ड ब्याय सभी जंग में लड़ रहे हैं। सीडीओ निधि गुप्ता वत्स ने विकास भवन में ध्वजारोहण किया। कहा कि अधिकारियों ने कोरोना संक्रमण काल में पूरी मेहनत, लगन से काम किया है। शासन की मंशा पर खरे उतर रहे हैं, जो जिले की जनता और अधिकारियों के लिए सुखद है।
डीएम ने गांधी भवन में गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। शहीद उद्यान में ध्वजारोहण और चंद्र शेखर आजाद और भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पाजंलि अर्पित कर आजादी के लिए दी गई कुर्बानी को याद किया। सीडीओ ने पुलिस लाइन के निकट तिकुनिया पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। एडीएम संजय सिंह ने भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा, सिटी मजिस्ट्रेट जंग बहादुर ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाबू मोहन लाल वर्मा, चंद्र शेखर आजाद, डॉ. भीमराव डॉ. आंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। जिला पंचायत की अपर मुख्य अधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी निरंजन देव सिंह, श्रीश चंद्र अग्रवाल और नगर पालिका परिषद के ईओ रवि शंकर शुक्ला ने अरुणा पार्क में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित मन्ना लाल वैद्य की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।