हिस्ट्रीशीटर के उलझने पर सिपाही ने तानी राइफल
-वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर किया वायरल -पाली कस्बे का मामला मारपीट की जांच करने गया था सिपाही
हरदोई : पाली कस्बे में मारपीट की जांच करने गए सिपाही से हिस्ट्रीशीटर उलझ गया। विवाद बढ़ने पर सिपाही ने राइफल तान दी तो महिलाएं आगे आ गईं। शनिवार की है। कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस का कहना है कि दबाव बनाने के लिए हिस्ट्रीशीटर के परिवार ने ऐसा किया।
मुहल्ला कांजी सराय में फसल खराब करने को लेकर शनिवार को दो पक्षों में विवाद हो गया था। आरोपित पक्ष हिस्ट्रीशीटर है और उन लोगों ने एक महिला की पिटाई कर दी थी, पुलिस के अनुसार हाशिम, पाले और शादाब के खिलाफ एफआइआर दर्ज हुई थी। उसी में सिपाही गए थे और उनका विवाद हो गया। उन लोगों ने सिपाही को घेरने का प्रयास किया, जिस पर एक पुलिस कर्मी ने रायफल सीधी कर दी, तो घर की महिलाओं को आगे आ गईं। हालांकि मामला शांत हो गया था, लेकिन उसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया है। थानाध्यक्ष संदीप सिंह बताया कि मारपीट में आरोपित हिस्ट्रीशीटर है। उन लोगों ने एक महिला के साथ मारपीट की थी। उसी में सिपाही गया था। तो हिस्ट्रीशीटर हाशिम उर्फ टुइंया धमकी देते हुए सिपाही से उलझ गया और भीड़ बुला ली। कुछ लोगों ने पत्थर उठाने का भी प्रयास किया। उसी में सिपाही ने अपनी राइफल सीधी करके तान ली थी। थानाध्यक्ष का कहना है कि हासिम पर 21 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
नहर में मिला महिला का शव, नहीं हो सकी पहचान-मल्लावां : क्षेत्र के ग्राम ऊंचागांव के निकट शारदा नहर में एक महिला का शव मिला। महिला की पहचान नहीं हो सकी।
ऊंचागांव से काजीपुर जाने वाले पुल के निकट पानी में एक महिला का शव पड़ा देखा और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने भीड़ से महिला की पहचान का प्रयास किया, लेकिन महिला की पहचान नहीं हो सकी। कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शव करीब एक सप्ताह पुराना लग रहा है। नहर में पानी कम होने पर दिखाई दिया। महिला की उम्र लगभग 35 वर्ष है और उसने गले में मंगलसूत्र, पैरों में बिछिया पहन रखे हैं। महिला ने लाल और नीला स्वेटर और लैगी पहन रखी है।