अहिरोरी में डेंगू से महिला समेत दो की मौत
हरदोई डेंगू का प्रकोप जिले में बढ़ता जा रहा है। गुरुवार तक संख्या 168 पर पहुंच गई। वहीं अहिरोरी में डेंगू पीड़ित महिला समेत दो की मौत हो गई। दोनों का लखनऊ में उपचार चल रहा था।
हरदोई: डेंगू का प्रकोप जिले में बढ़ता जा रहा है। गुरुवार तक संख्या 168 पर पहुंच गई। वहीं अहिरोरी में डेंगू पीड़ित महिला समेत दो की मौत हो गई। दोनों का लखनऊ में उपचार चल रहा था। गुरुवार को उनके शव गांव पहुंचे तो खलबली मच गई। लोगों का कहना है कि गांव में गंदगी फैली है। मच्छरों का भी प्रकोप है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
सर्दी शुरू हो चुकी है, लेकिन डेंगू थमने का नाम नहीं ले रहा है। रोजाना कहीं न कहीं मरीज मिल रहे हैं। बुधवार तक संख्या 165 थी, जोकि गुरुवार तक 168 हो गई। वहीं अहिरोरी में डेंगू से हुई मौत के बारे में बताया गया कि गांव निवासी नरदेव की पत्नी मंजू (47) को सोमवार से बुखार आ रहा था। उनके परिवार के लोगों ने बताया कि जिला मुख्यालय स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार को उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया विवेकानंद हॉस्पिटल में गुरुवार को सुबह मौत हो गई। मेडिकल रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई। गांव निवासी मुन्ना (18) पुत्र जाकिर को भी बुखार आ रहा था। मंगलवार को उन्हें जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर हालत खराब होने पर उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया था। गुरुवार को उनकी भी लखनऊ में मौत हो गई। डेंगू से एक ही गांव में एक ही दिन दो लोगों की मौत से हड़कंप मच गया। सबसे आश्चर्य की बात स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अनजान बना बैठा है। गांव वालों का कहना है कि कोई भी देखने तक नहीं आया। गांव में गंदगी फैली हुई है। साफ सफाई तक नहीं होती।