अम्मा का भओ, डाक्टर साहब इन्हें देखो
हरदोई: भइया सब ठीक हई। अम्मा का भओ, डाक्टर साहब इन्हें देखो। उपचार में कोई लापरवाही न रहे। गुरुवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अंदाज मरीजों और तीमारदारों से हालचाल पूछा। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय भवन निर्माण की प्रगति पूछी और समय से काम पूरा करने का निर्देश दिया।
उप मुख्यमंत्री शाम पांच बजे वह अस्पताल पहुंचे। निर्माणाधीन कार्य की प्रगति जानी और फिर ओपीडी ब्लाक को देखा। निर्माण एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि दिसंबर तक काम पूरा हो जाएगा। निर्माण कार्य देखने के बाद वह आकस्मिक चिकित्सा कक्ष पहुंचे। सीएमएस डा. जेएन तिवारी को बुलाकर कहा कि जो भी मरीज आएं उनके साथ सही व्यवहार कर अच्छे से अच्छा उपचार किया जाए। जो तीमारदार बाहर खड़े थे उनसे भी हालचाल लिया। निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्र, विधायक आशीष सिंह आदि मौजूद रहे।
काश: हकीकत पर पड़ जाती नजर तो सुधर जातीं व्यवस्थाएं
उपमुख्यमंत्री बनने के बाद ब्रजेश पाठक पहली बार जिले का दौरा करने आए थे। लोगों को उम्मीद थी कि जिला अस्पताल में जो खामियां हैं वह दूर हो जाएंगे। दवाओं की कमी हो या फिर रेडियोलाजिस्ट का खाली पद, जिला अस्पताल में चल रही गुटबाजी पर जरूर अंकुश लगेगा। धूल खा रहे उपकरण आदि सब कुछ सही हो जाएगा। अब उप मुख्यमंत्री का व्यस्त कार्यक्रम देखें या फिर कुछ, अस्पताल की खामियों पर उनकी नजर नहीं पड़ी और हकीकत से वह दूर ही रहे।