हरदोई में एक ही कमरे में फंदे से लटके मिले देवर-भाभी के शव, महिला तीन पुत्रों की मां
Hardoi Crime News: दोनों रिश्ते में देवर-भाभी थे और एक ही घर में रहते थे।

सीमा पत्नी देशराज 22 वर्षीय रामरूप पुत्र राजाराम
HighLights
बिलग्राम के ग्राम हबीबनगर में हुई सनसनीखेज घटना
प्रेम प्रसंग की चर्चा, पुलिस कर रही जांच
जागरण संवाददाता, हरदोई: जिले में बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के हबीबनगर गांव में शुक्रवार सुबह युवक और उसकी भाभी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। देवर और भाभी के शव एक ही कमरे में साड़ी के फंदे से लटके मिले।
इस घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों में कोहराम मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों शवों को फंदे से नीचे उतारा। मृतकों की पहचान सीमा पत्नी देशराज और 22 वर्षीय रामरूप पुत्र राजाराम के रूप में हुई है।
दोनों रिश्ते में देवर-भाभी थे और एक ही घर में रहते थे। सीमा के परिवार में पति देशराज और तीन पुत्र आयुष, दिव्यांश व लक्ष्य हैं। देशराज अयोध्या में ठेकेदारी का काम करते हैं, जबकि रामरूप तीन भाइयों में सबसे छोटा व अविवाहित था। ग्रामीणों के बीच दोनों के बीच प्रेम प्रसंग होने की चर्चाएं हैं।
बिलग्राम कोतवाल विजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से गहनता से जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो सके।
