यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 04, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मनरेगा में फर्जीवाड़े की शिकायत की जांच करने पहुंचे बीडीओ
हरदोई में मनरेगा में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार। बीडीओ कर रहे शिकायतों की जांच।

शाहाबाद : विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत जटपुरा के ग्रामीणों और भाजपा नेताओं की ओर से मुख्यमंत्री, ग्राम्य विकास राज्यमंत्री और जिलाधिकारी को मनरेगा कार्यों में फर्जीवाड़े की शिकायत पर खंड विकास अधिकारी ने जांच शुरू कर दी है।
भाजपा नेता आयुष त्रिवेदी, देश दीपक मिश्र, श्रीकांत, श्याम जी समेत कई ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को शिकायत भेजकर ग्राम पंचायत जटपुरा में मनरेगा के अंतर्गत कराए गए कार्यों में हेराफेरी का आरोप लगाया था। जिसमें कहा था कि प्रधान और पंचायत मित्र ने नियमों को दरकिनार कर जो लोग बाहर नौकरी करते हैं या विद्यार्थी हैं उन्हें भी मनरेगा श्रमिक के रूप में काम करते हुए दर्शाकर फर्जीवाड़ा किया है। और उनके नाम पर पैसा निकाल लिया है, जबकि गांव के गरीब मजदूरों को काम नहीं दिया गया है। खंड विकास अधिकारी ऋषि पाल सिंह ने गुरुवार को गांव पहुंचकर मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों और मजदूरों के बारे में जांच पड़ताल की ग्रामीणों और शिकायतकर्ताओं से मिलकर उनसे भी पूछताछ की और उनके बयान भी दर्ज किए। खंड विकास अधिकारी ऋषि पाल सिंह ने बताया पूरे मामले की जांच की जा रही है, जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
