पुलिया पर बंदर से टकराई बाइक, उछलकर नहर में गिरा शिक्षक डूबा, पांच किलोमीटर दूर मिला हेलमेट, हैरान करने वाली घटना
हरदोई में एक सहायक अध्यापक की बाइक नहर की पुलिया पर बंदर से टकरा गई, जिससे वे अनियंत्रित होकर शारदा नहर में गिर गए और तेज बहाव में बह गए।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
सहायक अध्यापक की बाइक बंदर से टकराई, नहर में गिरकर लापता।
शिक्षक तेज बहाव में बहे, हेलमेट 5 किलोमीटर दूर मिला।
पुलिस और एसडीआरएफ द्वारा गोताखोरों की मदद से तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, हरदोई। घर से विद्यालय जा रहे सहायक अध्यापक की बाइक के सामने नहर की पुलिया पर अचानक बंदर कूद गया। बंदर से टकराने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर शारदा नहर की पुलिया से जा भिड़ी। टक्कर के बाद शिक्षक उछलकर उफनाती नहर में जा गिरे और तेज बहाव में बह गए।
आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल नहर में उतरकर तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से शिक्षक की तलाश शुरू कराई। करीब पांच किलोमीटर दूर उनका हेलमेट तो मिला, लेकिन शिक्षक का कुछ पता नहीं चल सका। गोताखोरों के साथ ही एसडीआरएफ तलाश में जुटी रही।
यह है पूरा मामला
मल्लावां के तेंदुआ गांव निवासी 31 वर्षीय अवनीश उर्फ आदेश कछौना विकासखंड के सिविलियन विद्यालय पैरा में सहायक अध्यापक हैं। सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे वह बाइक से विद्यालय जा रहे थे। मल्लावां-संडीला मार्ग पर गोसवा शारदा नहर की पुलिया के पास अचानक पेड़ से एक बंदर उनके सामने आ गया।
बाइक बंदर से टकराई और अनियंत्रित होकर पुलिया की दीवार से जा भिड़ी। हादसे में बंदर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अवनीश नहर में जा गिरे। हादसा होते ही तेंदुआ गांव निवासी शफीक, सतेंद्र समेत कई लोगों ने नहर में छलांग लगाकर शिक्षक की तलाश शुरू कर दी।
कुछ देर बाद उनका बैग नहर में मिला। प्रत्यक्षदर्शियों ने हेलमेट को पानी में बहते देखा था, जो करीब पांच किलोमीटर दूर बरौना गांव के सामने मिला। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से देर तक तलाश कराई, लेकिन शिक्षक का पता नहीं चल सका।
अवनीश की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी। उनकी तीन माह की बेटी है। पत्नी रचना सीतापुर के कस्तूरबा गांधी विद्यालय में सहायक अध्यापक हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्वजन मौके पर पहुंचे और परिवार में कोहराम मच गया। बीएसए प्रभात मिश्र मौके पर पहुंचे और शिक्षक के स्वजन को सांत्वना दी।
स्कूल की राह पर निकले थे, घर पहुंची नहर में बहने की खबर
सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे अवनीश उर्फ आदेश रोज की तरह बाइक से स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे। पत्नी रचना और तीन माह की बेटी को छोड़कर निकले अवनीश को क्या पता था कि रास्ते में एक बंदर उनकी जिंदगी की राह बदल देगा।
गोसवा नहर पुलिया पर अचानक बंदर बाइक के सामने कूदा और देखते ही देखते बाइक पुलिया से टकरा गई। अवनीश नहर में जा गिरे। कुछ ही देर में हादसे की खबर स्वजन तक पहुंची तो घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और स्वजन मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक तेज बहाव शिक्षक को अपने साथ बहा ले गया था।
