बाजार में साड़ी और चूड़ियों की खनक से बाजार में रौनक
करवाचौथ को लेकर सजने संवरने के लिए महिलाओं को बनारसी सिल्क व प्लेन साड़ी पसंद आ रही है
हरदोई : कोरोना संक्रमण काल से मंदी की मार झेल रहा साड़ी व कास्मेटिक कारोबार को इस त्योहार पर रफ्तार मिली है। करवाचौथ को लेकर सजने संवरने के लिए महिलाओं को बनारसी, सिल्क व प्लेन साड़ी पसंद आ रही है। सौंदर्य प्रसाधन का सामान भी खरीद रही हैं।
करवाचौथ का त्योहार मनाने को लेकर महिलाओं में उत्साह दिख रहा है। महिलाएं सजने संवरने के लिए साड़ी, चूड़ियों व कास्मेटिक दुकानों पर पहुंचकर मनपसंद सामान खरीद रही हैं। मेहंदी से लेकर सांडी की मैचिग के हिसाब से आर्टिफिशियल ज्वैलरी की खरीदारी खूब हो रही है। दुकानदार निधि शुक्ला बताती हैं कि महिलाओं को बनारसी साड़ी पसंद आ रही है। उनके पास सभी तरह की साड़ियों का कलेक्शन है। उनके यहां साढ़े तीन सौ से लेकर आठ हजार तक की साड़ियां हैं। दुकानदार मोनू ने बताया कि कोरोना काल का सन्नाटा इस त्योहार पर छट गया है। खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। साड़ियों की बिक्री खूब हो रही है। सजने संवरने के लिए बुकिग करा रही महिलाएं : करवाचौथ के मद्देनजर ब्यूटीपार्लर में बुकिग चल रही है। सजने संवरने के लिए महिलाएं बुकिग करा रही है। ब्यूटी पार्लर संचालिका मधु ने बताया कि कई महिलाएं व्रत के चलते ब्यूटी पार्लर जाना नहीं चाहती हैं। ऐसे में ब्यूटीशियन घर पर ही पहुंचकर मेकअप करेंगी। करवाचौथ में ज्यादातर महिलाओं की मेंहदी और फेशियल की डिमांड हैं। महिलाएं वैक्सिंग फेशियल, कटिग, पेडी क्योर, मैनी क्योर, आइब्रो सेट कराने आती हैं।
जन-जन तक पहुंचाएं भाजपा सरकार की उपलब्धियां
हरदोई : भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की जिला कार्यसमिति बैठक शुक्रवार को कार्यालय में आयोजित की गई। अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र कनौजिया ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी व भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कहा कि कार्यकर्ता भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अजय कोरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष अवध क्षेत्र भगवती प्रसाद रावत व क्षेत्रीय महामंत्री पीके वर्मा ने विधानसभा चुनाव वर्ष 2022 के चलते पार्टी के निर्देशों को कार्यकर्ताओं को बताया और अनुसूचित मोर्चा के दायित्वों के बारे में बताया।