निडर होकर दर्ज कराएं शिकायत, मदद करेगी पुलिस
हरदोई मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत महिला पुलिसकर्मियों ने बालिकाओं को आत्मरक्षा के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई परेशान करता है तो वह तुरंत हेल्पलाइन नंबरों पर सूचना दें।
हरदोई : मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत महिला पुलिसकर्मियों ने बालिकाओं को आत्मरक्षा के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई परेशान करता है, तो वह तुरंत हेल्पलाइन नंबरों पर सूचना दें। पुलिस उनकी सहायता के लिए तुरंत पहुंचेगी। पूरे जिले के विद्यालयों में मंगलवार को कार्यक्रम आयोजित किए गए। कछौना के जानकी प्रसाद इंटर कॉलेज में क्षेत्राधिकारी बघौली उमाशंकर सिंह ने कहा कि महिलाएं और बालिकाएं अपनी शक्ति को पहचाने एवं निडर होकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। सिपाही दीपा यादव ने मिशन नारी शक्ति की जानकारी दी। मिशन शक्ति मोबाइल में इस्तेमाल करने के लाभ बताए। बताया कि माता-पिता दिन रात मेहनत कर बालिकाओं को शिक्षा दिला रहे हैं। उनके भरोसे को न तोड़ें। स्कूल जाते समय अगर कोई परेशान करता है तो उसकी सूचना पुलिस को दे। बालिकाएं समूह बनाकर चलें, जिससे किसी की हिम्मत नहीं पड़ेगी। कहा कि पुलिस आपकी सहायता के लिए हर समय तत्पर है। कॉलेज के प्रधानाचार्य शिवराज सिंह पटेल, उपनिरीक्षक अब्दुल जब्बार आदि मौजूद रहे। बिलग्राम के रामलाल पब्लिक स्कूल सदरपुर में महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाएं। इसके उपरांत तहसील सभागार में विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें विभिन्न स्कूलों से आए बच्चों के बीच भाषण प्रतियोगिता हुई। सीओ विशाल यादव, कोतवाल सुनील सिंह ने नारी सशक्तिकरण का पाठ घर से ही शुरू किए जाने की बात कहीं। कहा कि बेटियां स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्कारों के प्रति सजग रहें। भाषण प्रतियोगिता में आशीष यादव ने पहला, संगीता ने दूसरा व खुशनसीब ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। पुलिस अधिकारियों ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
बघौली चौराहा पर स्थित मां यशोदा इंटर कॉलेज में सीओ बघौली उमाशंकर ने कहा कि महिलाएं और बालिकाएं जब खुद को असुरक्षित महसूस करें, तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दें। गोपामऊ क्षेत्र में ज्ञानदीप कॉलेज में आयोजित शिविर में बालिकाओं को आत्म रक्षा की जानकारी देने के साथ ही उन्हें कानूनी अधिकार भी समझाए गए।