श्रमिकों और उनके परिवार को योजनाओं का मिलेगा लाभ : सुनील
जागरण संवाददाता हापुड़ उत्तर प्रदेश श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील भराला का रविवार क
जागरण संवाददाता, हापुड़ :
उत्तर प्रदेश श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील भराला का रविवार को नगर में जगह-जगह स्वागत हुआ। इस दौरान उन्होंने लोगों को श्रम विभाग की नीतियों से अवगत कराया। वह एक निजी कार्यक्रम में भी उपस्थित हुए।
अध्यक्ष सुनील भराला ने बताया कि पिछले दिनों उत्तर प्रदेश श्रम विभाग की 73 वीं बोर्ड बैठक हुई। जिसमें श्रमिकों के लिए तीन योजनाएं स्वीकृत हुई हैं। श्रमिकों के बच्चों के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री और क्रिकेटर स्व. चेतन चौहान के नाम पर चेतन चौहान खेल श्रमिक कल्याण योजना, श्रमिकों व उनके परिवारों के लिए धार्मिक और पर्यटन यात्रा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही भगवान श्री विश्वकर्मा की जयंती पर एक मुश्त श्रमिक योजना चलाने का निर्णय लिया गया है। दस नवंबर को इसकी शुरूआत होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 20500 कारखाने और 6.50 लाख दुकानें हैं। इनके श्रमिकों का पंजीयन सरकार कराएगी। यह पंजीयन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रकार से होगा। उन्होंने बताया कि बीते तीन वर्षों में योगी सरकार ने युवाओं को रोजगार दिलाने का कार्य किया है। योगी सरकार ने तीन लाख से ज्यादा युवाओं को नौकरी दी है। शेष बचे पदों पर आगामी दिनों में भर्ती होगी। इसके लिए सभी विभागों को निर्देश दे दिए गए हैं।