किसानों को 6% ब्याज पर मिलेगा 6 लाख तक का लोन, समझिए पूरा प्रोसेस
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत लघु एवं सीमांत किसानों को कृषि कार्यों के लिए छह लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण छह प्रतिशत ब्याज दर पर मिलेगा।
-1790254432646_m.webp)
छह लाख तक का कृषि ऋण छह प्रतिशत ब्याज पर मिलेगा। जागरण
जागरण संवाददाता, हापुड़। लघु एवं सीमांत किसानों को कृषि कार्य के लिए सुलभ और रियायती दर पर दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना शुरू की गई है।
योजना के तहत पात्र किसानों को छह लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण छह प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय से ऋण की किस्त चुकाने वाले किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी मिलेगा।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा योजना और भारत टैक्सी के शुभारंभ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि योजना के लिए प्रदेश सरकार ने 384 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। आगामी पांच वर्षों में करीब पांच लाख किसानों को लाभांवित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कृषि के अलावा कृषि आधारित अन्य गतिविधियों और आवश्यक पूंजीगत निवेश के लिए भी ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था को बढ़ावा दिया जाएगा।
इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड की जिले की विभिन्न शाखाओं से जुड़े उन ऋणी सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने समय से अपने ऋण की अदायगी की है।
जनप्रतिनिधियों ने सहकारी संस्थाओं के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र किसानों तक योजना का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। इसी अवसर पर प्रदेश में भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारंभ किया गया। सहकारी टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा संचालित यह सहकारिता आधारित डिजिटल राइड-हेलिंग प्लेटफार्म है।
इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ चालकों के आर्थिक-सामाजिक सशक्तीकरण, रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। सारथी ही मालिक की भावना के तहत चालक इसमें सदस्य और हितधारक के रूप में जुड़ेंगे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, जिलाधिकारी कविता मीना, मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा, सांसद प्रतिनिधि, बैंक के शाखा अध्यक्ष और सहकारिता विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
