आज रहेगी हड़ताल, बैंक-एलआइसी समेत कई विभाग होंगे शामिल
जागरण संवाददाता हापुड़ बैंक या अन्य कार्य से सरकारी विभाग में जाने वाले लोगों को बृहस्पतिवा
जागरण संवाददाता, हापुड़
बैंक या अन्य कार्य से सरकारी विभाग में जाने वाले लोगों को बृहस्पतिवार यानी आज परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। क्योंकि निजीकरण, श्रम कानूनों का विरोध समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर श्रमिक संगठनों ने हड़ताल की घोषणा की है। इसके अलावा बैंक, बीमा और कई केंद्रीय विभागों में भी हड़ताल रहेगी। इसके कारण इन संस्थाओं में कार्य प्रभावित होने की आशंका है। बैंकों और डाक विभाग में पूर्ण बंदी की घोषणा की गई है।
ट्रेड यूनियनों की ओर से घोषित हड़ताल के कारण से कई औद्योगिक इकाइयों में भी कार्य प्रभावित होने की आशंका है। इसमें सीटू, एक्टु, एटक, इंटकर, एआइटीयूसी समेत 10 यूनियनों से जुड़े कर्मचारी और श्रमिक शामिल होंगे। इस क्रम में निजीकरण, कारपोरेट घरानों से वसूली समेत विभिन्न मांगों को लेकर आल इंडिया बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन की ओर से हड़ताल की घोषणा की गई है। इसमें एसबीआइ को छोड़कर अन्य सभी बैंकों के कर्मचारी शामिल होंगे।
इन मुद्दों के अलावा एलआइसी में आइपीओ लाए जाने के विरोध को लेकर बीमा कर्मचारी भी बृहस्पतिवार को हड़ताल में शामिल होंगे। कंफेडेरेशन आफ सेंट्रल गवर्मेट इंप्लाइज एवं वर्कर्स केंद्रीय कर्मचारी परिषद की ओर से भी हड़ताल का आह्वान किया गया है। इसमें डाक विभाग समेत कई केंद्रीय विभाग के कर्मचारी शामिल होंगे।
मेरठ डिवीजन एंप्लाइज एसोसिएशन यूनियन के उपाध्यक्ष पुनित कुमार ने बताया कि यह देशव्यापी हड़ताल है। श्रम कानून में परिवर्तन के खिलाफ, आशा वर्करों को अस्थाई रखने के खिलाफ, पुरानी पेंशन की बहाली समेत विभिन्न मुद्दों के लिए विभिन्न संगठन और अन्य सरकारी संस्थाएं और असंगठित देश के मजदूर हड़ताल पर रहेंगे।
यूपी बैंक एंप्लाय यूनियन के जिला मंत्री एलआर गुप्ता ने बताया कि बैंकों के निजीकरण, कारपोरेट घरानों का ऋण माफी समेत अन्य मांगों को लेकर बैंक के कर्मी हड़ताल पर रहेंगे। हड़ताल पर रहकर कर्मी सरकार की गलत नीतियों का विरोध करेंगे।