फिर जाम से बेहाल हुए शहरवासी
शहर की यातायात व्यवस्था शनिवार को एक बार फिर से ध्वस्त हो गई। सुबह के समय तहसील चौपला पर लगे जाम से लोगों का हाल-बेहाल हो गया था। हालांकि दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
जागरण संवाददाता, हापुड़ : शहर की यातायात व्यवस्था शनिवार को एक बार फिर से ध्वस्त हो गई। सुबह के समय तहसील चौपला पर लगे जाम से लोगों का हाल-बेहाल हो गया था। हालांकि दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे शहर के प्रमुख तहसील चौपला पर एकाएक वाहनों का दवाब बढ़ गया। कुछ ही देर में जाम ने पूरे शहर को अपने आगोश में ले लिया। स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जाम के कारण बुलंदशहर रोड, गढ़-दिल्ली रोड, कचहरी रोड और मेरठ तिराहे पर भी लंबी-लंबी वाहनों की कतार लग गई। जाम में फंसकर लोगों का हाल-बेहाल हो गया था। हालांकि दो घंटे बाद यातायात पुलिस कर्मियों ने किसी प्रकार चौराहा पर खड़े ई-रिक्शा और आटो को वहां से हटाकर जाम खुलवाकर लोगों को राहत दी। यातायात प्रभारी तहजीबुल हसन ने बताया कि एकाएक वाहनों का दवाब बढ़ने से जाम लग गया था।