51 सैंपल लिए, शहर के कई क्षेत्रों में चल रहा स्वास्थ्य विभाग का सर्वे
शामली जेएनएन कोरोना वायरस की चेन को पूरी तरह से तोड़ने के लिए प्रतिदिन 50 से अधिक सैंपल लिए जा रहे हैं। शुक्रवार को भी 51 सैंपल लिए गए हैं। 18 मई के बाद से कोई नया पॉजिटिव केस नहीं आया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीमें शहर के कई क्षेत्रों में सर्वे कर रही हैं।
शामली, जेएनएन: कोरोना वायरस की चेन को पूरी तरह से तोड़ने के लिए प्रतिदिन 50 से अधिक सैंपल लिए जा रहे हैं। शुक्रवार को भी 51 सैंपल लिए गए हैं। 18 मई के बाद से कोई नया पॉजिटिव केस नहीं आया है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीमें शहर के कई क्षेत्रों में सर्वे कर रही हैं।
जिले में कोरोना संक्रमण के अब तक कुल 28 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 21 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं और सात का उपचार कोविड अस्पताल झिझाना में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग प्रवासी कामगारों के और मंडी से रैंडम सैंपल भी ले रहा है। साथ ही बाहर से आने वाले किसी व्यक्ति में लक्षण दिखते हैं तो उनके भी सैंपल लिए जा रहे हैं। 18 मई को सलेक विहार निवासी एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। यहां के साथ ही खेडीकरमू, नानूपुरा, गगन विहार, मोमीननगर में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सर्वे कर रही हैं। कुल 32 टीम लगाई गई हैं और एक टीम को प्रतिदिन 50 से 60 घरों का सर्वे करने का लक्ष्य दिया गया है। परिवार के बारे में पूरी जानकारी ली जा रही है। जैसे कोई बाहर से तो नहीं आया, संक्रमित के संपर्क में तो नहीं रहे, बुखार-खांसी जैसी कोई समस्या तो नहीं है। यह सर्वे परिवार के द्वारा दी जाने वाली जानकारी पर आधारित है। इसमें थर्मल स्क्रीनिग भी नहीं की जाती है। सीएमओ डॉ. संजय भटनागर ने बताया कि शनिवार को सर्वे पूरा हो जाएगा। शुक्रवार को कुल 51 सैंपल लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज भेजा है। लंबित कुछ सैंपल की रिपोर्ट देर शाम तक आ सकती है।
आरपीएफ के 20 जवानों की रिपोर्ट निगेटिव
शामली: सीएमओ डॉ. संजय भटनागर ने बताया कि 20 जवानों को कुछ दिन पहले क्वारंटाइन किया गया था। इनके पहली रिपोर्ट भी निगेटिव आई थी। अब फिर से जांच कराई थी और दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई है। आरपीएफ के थाना प्रभारी प्रांजल कुमार बोड़ा ने बताया कि ये सभी रेलवे के विश्राम गृह में क्वारंटाइन थे। इनमें से 19 जवानों को सात दिन तक होम क्वारंटाइन रहने के लिए कहा गया है। वहीं, एक दरोगा को 14 दिन के लिए होम क्वारंटाइन किया गया है।