हापुड़ में स्वाइन फ्लू का कहर: मरीजों का आंकड़ा पहुंचा 26, पिता के बाद बेटा भी हुआ संक्रमित
हापुड़ में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है, जिससे स्वास्थ्य विभाग चिंतित है। एक ही ...और पढ़ें

हापुड़ में स्वाइन फ्लू का कहर। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
हापुड़ में स्वाइन फ्लू के कुल 26 मामले सामने आए।
एक परिवार में पिता और पुत्र दोनों संक्रमित पाए गए।
स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ाई, लोगों से सावधानी बरतने की अपील।
संवाद सहयोगी, हापुड़। हापुड़ जिले में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ने लगी है। एक परिवार में पहले पिता स्वाइन फ्लू की चपेट में आ गए और अब बेटे की भी जांच रिपोर्ट पाजिटिव आई है।
एक ही परिवार में दो सदस्यों के संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। टीम संक्रमित के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाकर उनकी निगरानी कर रही है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, संक्रमित मरीज का उपचार डॉक्टरों की निगरानी में कराया जा रहा है। परिवार के अन्य सदस्यों के स्वास्थ्य पर भी नजर रखी जा रही है।
स्वाइन फ्लू संक्रमित व्यक्ति के खांसने और छींकने से निकलने वाली बूंदों के संपर्क में आने से फैल सकता है। ऐसे में संक्रमित व्यक्ति से दूरी बनाए रखना और लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।
मौसम में बदलाव के साथ जिले में बुखार और सांस संबंधी बीमारी के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। विभाग के अधिकारी लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण होने पर लापरवाही न बरतें।
विशेष रूप से बुजुर्ग, छोटे बच्चों और पहले से किसी बीमारी से पीड़ित लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मरीजों की बढ़कर संख्या हो गई 26
जिले में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या लगातार सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सर्तक है। स्वाइन फ्लू के मरीजों की अब तक संख्या 26 हो गई है। अधिकतर मरीजों का घर पर ही उपचार चल रहा है। टीम मरीजों से फीडबैक भी ले रही है।
गढ़ के रहने वाले 42 वर्ष के व्यक्ति की स्वाइन फ्लू की जांच रिपोर्ट पाजिटिव आई है। कई दिनों से बुखार की शिकायत थी, जिसके बाद उन्होंने जिला अस्पताल में अपनी रिपोर्ट कराई। परिवार के अन्य सदस्यों की भी जांच कराई गई है। - डॉक्टर किशोर कुमार आहुजा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
