विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नम आंखों से दारोगा को दी अंतिम विदाई, पूरे गांव में छाया मातम; पत्नी-बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

Published: Mon, 24 Aug 2026 06:05 PM (IST)

उपनिरीक्षक सरताज अली का नोएडा के अस्पताल में निधन हो गया, जो एक महीने पहले मेरठ के मवाना में हुए ...और पढ़ें

दारोगा को सलामी देकर दी अंतिम विदाई। जागरण

दारोगा को सलामी देकर दी अंतिम विदाई। जागरण

संवाद सहयोगी, सिंभावली (हापुड़)। हापुड़ में थाना क्षेत्र के गांव हिम्मतपुर निवासी उपनिरीक्षक सरताज अली का नोएडा के एक अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह करीब एक माह पहले मेरठ जिले के मवाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। रविवार को पुलिसकर्मियों ने उन्हें सलामी देकर अंतिम विदाई दी। इसके बाद गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

हिम्मतपुर गांव के अजमुल ने बताया कि उसके पिता सरताज अली मुजफ्फरनगर जिले के भोपा थाने में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात थे। करीब एक माह पहले बाइक पर सवार होकर गांव लौट रहे थे।

नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया

मेरठ जिले के मवाना क्षेत्र में एक वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद स्थानीय पुलिस और लोगों ने उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें नोएडा के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था।

रविवार सुबह उपचार के दौरान 58 वर्षीय उपनिरीक्षक सरताज अली ने दम तोड़ दिया। उनके निधन की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। देर शाम पुलिस लाइन से पहुंचे पुलिसकर्मियों ने पूरे सम्मान के साथ उन्हें अंतिम सलामी दी। इसके बाद गांव के कब्रिस्तान में उनका सुपुर्द-ए-खाक किया गया।