हापुड़ में मुख्य चुनाव आयुक्त के विरोध में प्रदर्शन, इस्तीफे की मांग को लेकर सड़क पर उतरे सपा कार्यकर्ता
हापुड़ में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। ...और पढ़ें
HighLights
सपा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
हापुड़ में पुलिस के सामने 'वोट चोर' नारे लगाते हुए पुतला फूंका।
पुलिस ने मार्च रोका, कुछ सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
हर्ष अग्रवाल, हापुड़। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर रविवार को बुलंदशहर रोड स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर सपाइयों ने जमकर प्रदर्शन किया। पैदल मार्च निकालने की तैयारी कर रहे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक दिया।
मार्च रोके जाने की वजह से कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इसी दौरान पुलिस की मौजूदगी में सपाइयों ने ‘वोट चोर’ के नारे लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंक दिया। पुलिस ने बाद में पुतले के अवशेष हटाए और कुछ पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
चुनाव आयोग के खिलाफ मार्च निकालने की तैयारी
जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यालय पर एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी कर पैदल मार्च निकालने का प्रयास किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला बाहर निकालकर आग के हवाले कर दिया। पुलिसकर्मियों ने पुतला बुझाने और उसे हटाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसका काफी हिस्सा जल चुका था।
क्या है कार्यकर्ताओं का आरोप?
जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर ने आरोप लगाया कि सरकार पुलिस को आगे कर तानाशाही कर रही है और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने वालों की आवाज दबाई जा रही है। जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक समाजवादी पार्टी का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता मजबूती से खड़ा है और किसी भी हाल में देश में वोट चोरी नहीं होने दी जाएगी।
