दीपक जाटव हत्याकांड में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे सपा सांसद रामजीलाल सुमन, पुलिस ने रास्ते में ही रोका
हापुड़ के बदनौली गांव में दीपक जाटव हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे सपा सांसद रामजीलाल सुमन को ...और पढ़ें
HighLights
सपा सांसद रामजीलाल सुमन हापुड़ पहुंचे।
दीपक जाटव हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलना था।
पुलिस ने कानून व्यवस्था का हवाला देकर रोका।
केशव त्यागी, हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के गांव बदनौली में हुए दीपक जाटव हत्याकांड को लेकर बुधवार को सियासी हलचल बढ़ गई। पीड़ित परिवार से मुलाकात करने हापुड़ पहुंचे समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन को पुलिस ने मोदीनगर रोड पर रोक दिया। सांसद के पहुंचने की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोकते हुए स्थिति पर नजर बनाए रखी।
मोदीनगर रोड पर पुलिस ने रोका
बताया गया कि सपा सांसद रामजीलाल सुमन दीपक जाटव हत्याकांड में पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के लिए हापुड़ पहुंचे थे। उनका उद्देश्य परिवार से घटना की जानकारी लेने के साथ ही उन्हें ढांढस बंधाना था। सांसद का काफिला मोदीनगर रोड पर पहुंचा तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
सांसद को रोकने के लिए कई थानों की पुलिस को मौके पर लगाया गया था। पुलिस अधिकारियों ने उनसे बातचीत की। इस दौरान मौके पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। सांसद को रोके जाने की सूचना मिलते ही सपा कार्यकर्ताओं में भी हलचल शुरू हो गई।
मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात
दीपक जाटव हत्याकांड के बाद से ही मामले को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। विपक्षी दलों के नेता लगातार पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी लेने में जुटे हैं। इसी क्रम में सपा सांसद भी परिवार से मिलने पहुंचे थे। उनके पहुंचने से पहले ही पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी।
पुलिस द्वारा सांसद को रोके जाने के बाद कुछ समय तक मौके पर गहमागहमी का माहौल बना रहा। पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह का कहना था कि कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
