गंगा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, शाहजहांपुर के सिपाही की मौत; VIP ड्यूटी पर जा रहे थे नोएडा
शाहजहांपुर से नोएडा में वीआईपी ड्यूटी के लिए जा रहे पुलिस कांस्टेबल सुमित कुमार सैनी की गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में मौत हो गई।

यह तस्वीर एआई की मदद से बनाई गई है और इनसेट में मृतक पुलिसकर्मी की तस्वीर है।
HighLights
शाहजहांपुर के सिपाही सुमित कुमार सैनी की हादसे में मौत।
गंगा एक्सप्रेसवे पर सरकारी वाहन डिवाइडर से टकराकर पलटा।
नोएडा में वीआईपी ड्यूटी के लिए जा रहे थे सिपाही।
संवाद सहयोगी, बहादुरगढ़। नोएडा में वीआईपी ड्यूटी के लिए शाहजहांपुर से सरकारी वाहन लेकर जा रहे पुलिसकर्मी की गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में मौत हो गई।
थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र में आलमनगर गांव के पास बुधवार शाम पुलिस की टाटा सूमो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ने के बाद दूसरी लेन में पहुंच गई और रेलिंग से टकरा गई। हादसे में कार चला रहे सिपाही सुमित कुमार सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको गंभीर हालत में मेरठ मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई।
मुजफ्फरनगर के तितावी थानाक्षेत्र के गांव जसोई गांव के रहने वाले सुमित कुमार सैनी शाहजहांपुर पुलिस लाइन में तैनात थे। बुधवार को वह शाहजहांपुर से सरकारी पुलिस वाहन लेकर नोएडा में वीआईपी ड्यूटी के लिए जा रहे थे।
शाम करीब छह बजे गंगा एक्सप्रेसवे पर आलमनगर गांव के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया। उनका वाहन डिवाइडर पर चढ़ने के बाद दूसरी लेन में पहुंच गया और रेलिंग से टकराकर पलट गया।
एक अन्य पुलिसकर्मी ने सुमित को घायल देखा
दुर्घटना के बाद मौके से गुजर रहे एक पुलिसकर्मी प्रमोद कुमार ने घायल सुमित को देखा। वह अपने परिवार के साथ निजी कार से गुजर रहे थे। उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी और घायल को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें देवनंदिनी अस्पताल हापुड़ और उसके बाद मेरठ भेज दिया। पुलिस के अनुसार, घायल सिपाही सुमित की उपचार के दौरान मेरठ मेडिकल कॉलेज में सुमित की मौत हो गई। हादसे की सूचना सिपाही के स्वजन और शाहजहांपुर के पुलिस अधिकारियों को दे दी गई है।
गंगा एक्सप्रेसवे पर पुलिस का सरकारी वाहन हादसे का शिकार हो गया। जिसमें वाहन चला रहा कांस्टेबल सुमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। हमने सीसीटीवी की रिकार्डिंग को मंगवा लिया है।
- कुंवर ज्ञानंजय सिंह - पुलिस अधीक्षक।
