जलभराव को लेकर भड़के ओमविहार के लोग
जागरण संवाददाता, हापुड़ : लाइन पार क्षेत्र के ओम विहार कॉलोनी की महिलाओं और पुरुषों ने जलभराव की समस्
जागरण संवाददाता, हापुड़ : लाइन पार क्षेत्र के ओम विहार कॉलोनी की महिलाओं और पुरुषों ने जलभराव की समस्या से आजिज आकर मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस में रोष व्यक्त किया। चेतावनी दी कि अगर एक सप्ताह में समस्या का समाधान नहीं किया तो आंदोलन होगा। जलभराव के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। इस मार्ग से कई कॉलोनी और ग्राम असौड़ा के हजारों लोगों का आवागमन होता है।
मंगलवार को ओम विहार कॉलोनी की महिलाएं नगर पालिका सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंची। उन्होंने बताया कि कॉलोनी को बने हुए 20 वर्ष से अधिक समय हो गया है लेकिन सड़क निर्माण नहीं हुआ है। स्टेशन मार्ग पर जलभराव हो रहा है। कई बार शिकायत करने के बाद भी अफसर समस्या का समाधान नहीं करा रहे हैं। भाजपा नेता रुद्राश त्यागी ने कहा कि बच्चे स्कूल तक नहीं जा पा रहे हैं। महिलाओं को गंदे पानी से निकल कर जाना पड़ रहा है। एसडीएम सत्यप्रकाश ने आश्वासन दिया कि जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा। इस अवसर पर रानी, अनीता, पंकज, सवीता, बाला, जागरती, नीटू, सालनी, जयवती, निशा, प्रियंका, शुभम, रोहन आदि मौजूद थे। -------------
दूषित पानी को लेकर किया हंगामा
जागरण संवाददाता, हापुड़:
असौड़ा मार्ग स्थित मलिन बस्ती ओम विहार में दूषित पानी को लेकर कॉलोनियों के लोगों ने संपूर्ण समाधान दिवस में हंगामा किया। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद पालिका अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। इस संबंध में कॉलोनी वासियों ने उपजिलाधिकारी से शिकायत की है।
शिकायती पत्र में कहा गया है कि कॉलोनी में लगभग 60 मकान हैं। पांच वर्ष पहले कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति के लिए जल निगम द्वारा पाइप लाइन बिछाई गई थी। लगभग चार माह पहले पानी की आपूर्ति शुरू की गई। पाइप लाइन में दूषित पानी आ रहा है। दूषित पेयजल की आपूर्ति होने के कारण कॉलोनी वासी विभिन्न रोगों के शिकार हो रहे हैं। इस संबंध में नगर पालिका परिषद के अधिकारियों से शिकायत भी की जा चुकी है। उपजिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को कॉलोनी वासियों को दूषित पेयजल की समस्या से निजात दिलाने के निर्देश दिए हैं। शिकायत करने वालों में दीपक चौधरी, कौशल्या त्यागी, जागृति, देवेंद्र त्यागी, सरिता त्यागी, शौनाथ त्यागी, जय ¨सह आदि शामिल थे।