हापुड़ में सड़क हादसे में नौ की मौत, शादी समारोह से घर लौट रहे थे लोग, सीएम योगी ने जताया शोक
हापुड़ के हाफिजपुर थाना क्षेत्र में बुलंदशहर रोड स्थित गांव सादिकपुर के निकट रविवार रात सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
हापुड़, जेएनएन। हाफिजपुर थाना क्षेत्र में बुलंदशहर रोड स्थित गांव सादिकपुर के निकट रविवार रात सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हापुड़ के गांव सालेपुर कोटला निवासी मेहरबान की पुत्री का निकाह था। रविवार शाम बरात मेरठ से हापुड़ शहर के एक मैरिज होम में आई थी। निकाह में शरीक होकर गांव के लोग महिंद्रा पिकअप गाड़ी से गांव सालेपुर कोटला लौट रहे थे। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। गाड़ी में 20 से 25 लोग सवार थे। जैसे ही उनकी गाड़ी गांव सादिकपुर के निकट पहुंची तो सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने ओवरटेक करने के चक्कर में चालक साइड पर टक्कर मार दी। इससे महिंद्रा पिकअप की एक तरफ की बॉडी के परखच्चे उड़ गए।
पिकअप में सवार महिला, पुरुष और बच्चे सड़क पर बिखर गए और उनके अंग-भंग हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भिजवाया, जहां नौ लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद मौके पर जाम लग गया। इसे पुलिस ने मशक्कत के बाद खुलवाया।
सीएम योगी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हापुड़ में सड़क दुर्घटना में 9 लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिवारीजन के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। योगी ने प्रशासन के अधिकारियों को इस हादसे में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।