Raksha Bandhan 2020: बहनों को योगी सरकार का तोहफा, परिवहन निगम की बसों में नहीं लगेगा किराया
रविवार रात 12 बजे से लेकर सोमवार रात 12 बजे तक महिलाएं निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।
हापुड़ [शुभम गोयल]। रक्षाबंधन के पर्व को देखते हुए योगी सरकार ने बहनों को राहत दी है। रविवार रात 12 बजे से लेकर सोमवार रात 12 बजे तक महिलाएं निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। इसको लेकर निर्देश जारी कर दिए गए हैं। पिछले तीन वर्षों से हर बार की तरह इस बार भी योगी सरकार ने रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ी राहत दी है। जिससे कि अपने भाईयों के घर राखी बांधने जाने वाली महिलाओं को कोई दिक्कत न हो।
इससे पहले रविवार को लॉकडाउन के बावजूद मिठाई और राखी बेचने वालों की दुकानें खुली हैं। जिससे कि पर्व को बेहतर तरीके से मनाया जा सकेगा। बता दें कि निशुल्क यात्रा के आदेश रहने से हापुड़ डिपो की 106 बसों में पिछले वर्ष हजारों महिलाओं ने सफर किया था। लेकिन, इस बार कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते लोग दूसरे स्थानों पर जाने से बच रहे हैं। ऐसे में निशुल्क यात्रा के आदेश के बाद कितनी महिलाएं सफर करेंगी, यह देखना होगा।
इस संबंध में एआरएम नरेश पाल सिंह का कहना है कि महिलाओं के लिए 24 घंटे के लिए रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा के आदेश शासन से प्राप्त हुए हैं। परिवहन निगम की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सुबह 9:29 के बाद कभी भी बांधें राखी, पूरा दिन शुभ
तीन अगस्त को रक्षाबंधन पर्व मनाया जाएगा। कई दशक बाद रक्षाबंधन पर विशेष शुभ संयोग बन रहे हैं। सुबह 5:25 से 9:29 तक भद्रा की छाया रहेगी। इसके बाद पूरा दिन शुभ है। किसी भी समय बहनें अपने भाई को राखी बांध सकती हैं। खास बात यह है कि इस बार रक्षाबंधन पर्व सावन के सोमवार को पड़ रहा है। इसलिए पर्व का महत्व बढ़ गया है। ज्योतिष आचार्य संजीव शर्मा के मुताबिक तीन अगस्त यानि रक्षाबंधन के दिन सुबह 5:44 से 9:25 बजे तक भद्रा रहेगी। विद्वानों के मुताबिक भद्राकाल में रक्षासूत्र बांधने से कलेश उत्पन्न होता है। इसीलिए इस समय अवधि में रक्षासूत्र नहीं बांधना चाहिए। भद्राकाल के बाद पूरे दिन शुभ मुहूर्त है। खास बात यह है कि पूर्णिमा की तिथि दो अगस्त की रात 9:28 बजे से शुरू होगी और तीन अगस्त की रात 9:28 बजे तक रहेगी।
रक्षाबंधन पर्व मुहूर्त तीन अगस्त की सुबह 9:30 बजे से प्रारंभ होगा। इसके बाद पूरे दिन त्योहार मनाया जा सकता है। ज्योतिष के मुताबिक इस दिन की खासियत यह है कि लंबे अंतराल के बाद रक्षाबंधन पर्व सावन के आखिरी सोमवार के दिन पड़ रहा है। इसलिए इस पर्व का महत्व अधिक बढ़ गया है।