पुलिस कर्मियों को सेल्फी भेजकर बतानी होगी अपनी उपस्थिति
इस बार कांवड़ मेले क्षेत्र में कोई पुलिस अधिकारी और सिपाही अपने मोबाइल फोन में सेल्फी लेते दिखाई दें तो वह चौकने वाली बात नहीं है। दरअसल सेल्फी ही उनका ऑन ड्यूटी पर होने का सबूत होगा। इस दौरान उन्हें हर घंटे सेल्फी ग्रुप में अपलोड करनी होगी।
संवाद सहयोगी, गढ़मुक्तेश्वर : इस बार कांवड़ मेले क्षेत्र में कोई पुलिस अधिकारी और सिपाही अपने मोबाइल फोन में सेल्फी लेते दिखाई दें तो वह चौंकिएगा नहीं। ऐसा कर वह अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा होगा। अपनी सेल्फी अधिकारियों को भेज कर उसे ड्यूटी पर तैनात होने का सबूत देना है। पुलिसकर्मियों को हर घंटे अपनी सेल्फी निर्धारित ग्रुप में डालनी होगी।
उच्च अधिकारियों ने पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा ड्यूटी के प्रति बरती जाने वाली लापरवाही को अंकुश लगाने के लिए यह व्यवस्था बनाई है। कांवड़ मेले में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति पर निगरानी रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्हाट्सएप पर एक संयुक्त ग्रुप बनाया है। ग्रुप में जोनल सेक्टर प्रभारी सहित अन्य अधिकारियों को शामिल किया गया है। ग्रुप बनाने का उद्देश्य किसी भी छोटी-बड़ी सूचना को अधिकारियों की जानकारी में लाना है। पुलिस विभाग ने अपना एक अलग ग्रुप भी बनाया है इस ग्रुप में केवल पुलिस वाले ही शामिल है। उच्च अधिकारियों से सेक्टर प्रभारी तक इस ग्रुप में शामिल किए गए है। इस ग्रुप से जुड़े पुलिस कर्मियों और अधिकारियों को हिदायत दी गई है कि वह ड्यूटी पर पहुंच कर सेल्फी लेकर ग्रुप में डाले ताकि ड्यूटी में लापरवाही नहीं होने पाए। पुलिस क्षेत्राधिकारी संतोष मिश्रा ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर संबंधित कर्मचारियों को जानकारी दी गई है।