2019 में अमेरिका में ऑस्कर जीतने वालीं सुमन बनीं ग्लोबल गुडविल एंबेसडर-2020
Oscar 2019 winner Suman मानवतावादी कार्य करने वाली अमेरिकी संस्था ग्लोबल गुडविल एंबेसडर्स ने ऑस्कर विजेता सुमन को ग्लोबल गुडविल एंबेसडर-2020 चुना है।
हापुड़, जागरण संवाददाता। Oscar 2019 winner Suman : मानवतावादी कार्य करने वाली अमेरिकी संस्था ग्लोबल गुडविल एंबेसडर्स ने ऑस्कर विजेता सुमन को ग्लोबल गुडविल एंबेसडर-2020 चुना है। संस्था के संस्थापक ने सुमन से आने वाली पीढ़ी के लिए एक बेहतर भविष्य का निर्माण करने के लिए साथ मिलकर काम करने का आग्रह किया।
गांव काठीखेड़ा निवासी ऑस्कर विजेता सुमन की धूम सात समुंदर पार अमेरिका में आज भी है। मानवतावादी कार्य करने वाली अमेरिकी संस्था ग्लोबल गुडविल एंबेसडर्स ने ऑस्कर विजेता सुमन को संस्था की ओर से एंबेसडर-2020 चुना है। संस्था के संस्थापक रिचर्ड डीपिल्ला ने सुमन को एंबेसडर चुनने के बाद पत्र द्वारा सूचना भेजी है। सुमन ने दैनिक जागरण को बताया कि उन्हें दो दिन पहले एक पत्र मिला। पत्र के माध्यम से जानकारी मिली कि उन्हें अमेरिका की सामाजिक संस्था ग्लोबल गुडविल एंबेसडर्स के द्वारा इंडिया का एंबेसडर-2020 चुना है। सुमन ने बताया कि फिलहाल उन्हें अवॉर्ड देने के लिए अमेरिका बुलाया है।
बता दें कि सुमन एक्शन इंडिया नामक एनजीओ के लिए काम करती थीं। वर्ष 2017 में संस्था में पैड प्रोजेक्ट आया। गांव में सुमन ने घर पर इसका सेटअप लगाया। इस प्रोजेक्ट में सुमन ने ननद स्नेहा को जोड़ा। तीन चरणों में सेनेटरी नैपकिन पर आधारित एक लघु फिल्म पीरियड: द एंड ऑफ सेंटेंस बनी।