विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खुर्जा-मेरठ के बीच चलेगी नई मेमू, हापुड़ और हाफिजपुर में भी मिलेगा ठहराव; देखें स्टेशनों की पूरी लिस्ट

Published: Thu, 01 Oct 2026 08:23 PM (IST)

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खुर्जा-मेरठ के बीच नई मेमू ट्रेन के संचालन को मंजूरी दी है, जिससे हापुड़ और हाफिजपुर स्टेशनों पर भी ठहराव मिलेगा।

नई मेमू ट्रेन के संचालन को स्वीकृति। AI जनरेटेड

नई मेमू ट्रेन के संचालन को स्वीकृति। AI जनरेटेड

HighLights

  1. केंद्रीय रेल मंत्री ने खुर्जा-मेरठ मेमू ट्रेन को मंजूरी दी।

  2. हापुड़ और हाफिजपुर रेलवे स्टेशनों पर भी ठहराव मिलेगा।

  3. त्योहारों से पहले अक्टूबर में संचालन शुरू होने की उम्मीद।

संवाद सहयोगी, हापुड़। खुर्जा से मेरठ के बीच रेल सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खुर्जा-मेरठ शहर के बीच नई मेमू ट्रेन के संचालन को स्वीकृति दे दी है।

उम्मीद है कि ट्रेन का संचालन जल्द शुरू होगा। इस दौरान मेमू ट्रेन का ठहराव हापुड़ रेलवे जंक्शन के साथ हाफिजपुर रेलवे स्टेशन पर भी होगा। इससे हापुड़ समेत पूरे रेल सेक्शन के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

फिलहाल खुर्जा-मेरठ रेलखंड पर दो पैसेंजर ट्रेनों का सुबह-शाम अप-डाउन संचालन हो रहा है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में यात्री मेरठ से खुर्जा जाते हैं।

रेल मंत्री से नई ट्रेन चलाने की मांग

यात्रियों की सुविधा और इस रेलखंड पर बेहतर कनेक्टिविटी की मांग को लेकर बुलंदशहर सांसद डाक्टर भोला सिंह ने रेल मंत्री से नई ट्रेन चलाने की मांग की थी। सांसद की मांग पर रेल मंत्री ने खुर्जा-मेरठ शहर के बीच मेमू संचालन को मंजूरी दी है।

मुरादाबाद रेलवे मंडल वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि मेमू ट्रेन खुर्जा से दोपहर एक बजकर 15 मिनट पर रवाना होगी और शाम पांच बजकर 20 मिनट पर मेरठ शहर पहुंचेगी। वापस में सुबह 11 बजकर 25 मिनट पर मेरठ शहर से चलेगी और शाम चार बजे खुर्जा पहुंचेगी।

ट्रेन के संचालन से हापुड़, हाफिजपुर समेत बुलंदशहर, मेरठ और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों के सीजन से पहले अक्टूबर में ट्रेन का नियमित संचालन शुरू होने की उम्मीद है।