नंदपुर गांव में 1.20 करोड़ की लागत से बनेगा गौसंरक्षण केंद
योगी सरकार बनने के बाद से पशु वधशालाओं पर काफी हद तक लगाम लगी है। इससे गांव से लेकर शहर तक छुट्टा जानवरों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। किसानों की फसल की क्षति हो रही है। छुट्टा, बेसहारा व निराश्रित गोवंशों के वृहद संरक्षण के लिए प्रदेश सरकार ने प्रत्येक जिले में 1.20 करोड़ में वृहद गो संरक्षण केंद्र की स्थापना कराने का निर्णय लिया था। जिले के धौलाना
जागरण संवाददाता, हापुड़
प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद से पशु वधशालाओं पर काफी हद तक लगाम लगी है। इससे गांव से लेकर शहर तक आवारा घूमने वाले जानवरों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। ये आवारा पशु आबादी क्षेत्र में नागरिकों को घायल कर देते हैं और किसानों की फसल बर्बाद कर देते हैं। आवारा, बेसहारा व निराश्रित गोवंशों के वृहद संरक्षण के लिए प्रदेश सरकार ने प्रत्येक जिले में 1.20 करोड़ में वृहद गो संरक्षण केंद्र की स्थापना कराने का निर्णय लिया था। जनपद के धौलाना विकास खंड के ग्राम नंदपुर में इसका निर्माण किया जाएगा। संरक्षण केंद्र के भवन का एक वर्ष में पूरा होने की संभावना है। शासन ने इसके लिए 60 लाख रुपये की पहली किस्त जारी कर दी है। इसके लिए निर्माण एजेंसी पैकफेड को नामित किया गया।
हापुड़ सहित प्रदेश के 68 जिलों में यह केंद्र बनाए जाएंगे। इसके लिए हर जिले में राज्य आकस्मिकता निधि से 60 लाख रुपये की पहली किस्त जारी हो चुकी है। गो संरक्षण केंद्र में पशुओं के रहने, खाने सहित देखभाल करने वाले कर्मियों के लिए अलग से आवास बनाए जाएंगे। इससे नागरिकों और किसानों को आवारा जानवरों से निजात मिलेगी और पशुओं का संरक्षण भी हो जाएगा। केंद्र में होंगी निम्न व्यवस्था
- अलग-अलग चार गोवंश शेड जिसका कुल क्षेत्रफल 14000 वर्ग फीट होगा।
- दो भूसा गोदाम जिसका कुल क्षेत्रफल 1100 वर्ग फीट होगा।
- चारा और पानी के लिए चार चरहियां 800 वर्ग फीट में।
- कार्यालय /औषधि कक्ष 300 वर्ग फीट में।
- छह कर्मचारियों के लिए आवास, शौचालय, स्नानागार 1100 फीट में।
- शेडों के बाहर भी खुले क्षेत्र में चरनियां 5400 वर्ग फीट में, जिस पर बाद में शेड का निर्माण कराया जा सकेगा।
- एक पंप हाउस का निर्माण होगा। जिसमें एक सबमर्सिबल पंप/सोलरपंप तथा 10 हजार लीटर क्षमता की पानी की टंकी स्थापित की जाएगी।
- गो संरक्षण केंद्र के चारों तरफ चारदीवारी अथवा बाड़ लगाए जाएंगे।
ग्राम नंदपुर में गो संरक्षण केंद्र के लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है। बहुत जल्द यहां निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इसका एक वर्ष में निर्माण कर दिया जाएगा। --अभिषेक यादव, सहायक अभियंता पैकफेड।