Kartik Purnima 2019: गंगा में 35 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी Hapur News
खादर और ब्रजघाट मेले में पहुंची भक्तों की भीड़ ने पूरी निष्ठा और वैदिक रीति रिवाज के बीच गंगा में डुबकी लगाई।
गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़) [प्रिंस शर्मा]। कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व के उपलक्ष्य में खादर के देहाती और ब्रजघाट के शहरी मेले में विभिन्न प्रांतों से आए महिला बच्चों समेत 35 लाख से भी अधिक भक्तों ने मोक्ष दायिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। भक्तों ने गरीब-निराश्रितों को दान समेत विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर पुण्यार्जित किया।
कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब समेत पश्चिमी यूपी के विभिन्न जनपदों से आए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। मेले में विभिन्न सेक्टरों से जुड़े स्नान घाटों में 35 लाख से भी अधिक भक्तों ने आस्था की डुबकी लगाई।
वहीं ब्रजघाट शहरी मेले में दिल्ली समेत विभिन्न महानगरों से आए लगभग पांच लाख से भी अधिक भक्तों ने मोक्ष दायिनी गंगा में डुबकी लगाकर पुण्यार्जित किया। चतुर्दशी का समापन होने पर कार्तिक पूर्णिमा का समागम सोमवार देर रात से ही शुरू हो गया। सूर्यास्त होने पर दीपदान पर्व संपन्न होते ही गंगा में डुबकी लगाने और फिर अपने-अपने गंतव्यों पर लौटने लगे। खादर और ब्रजघाट मेले में पहुंची भक्तों की भीड़ ने पूरी निष्ठा और वैदिक रीति रिवाज के बीच गंगा में डुबकी लगाई।
पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व को लेकर गंगा में डुबकी लगाने का सिलसिला निरंतर जारी रहा। महानगरों से आए धनाढ्यों ने गरीब-निराश्रितों को भोजन-वस्त्र के दान समेत दिवंगत स्वजनों की आत्मा शांति और मोक्ष प्राप्ति की कामना करते हुए विभिन्न अनुष्ठान कर पुण्यार्जित किया।
मेलाधिकारी विजय वर्धन तोमर और मेला सीओ तेजवीर सिंह का कहना है कि खादर व ब्रजघाट मेले में महिला बच्चों समेत करीब 35 लाख श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगाने का अनुमान है, लेकिन इसके बाद भी छिटपुट वारदातों को छोड़कर कोई बड़ी अनहोनी नहीं हो पाई है।
दिल्ली-एनसीआर की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक