Hapur Crime News: हापुड़ में जानकार ही बन गया हैवान, जंगल ले जाकर महिला से किया दुष्कर्म
महिला के मुताबिक निकाह से पहले आरोपित ने उसके साथ कुछ आपत्तिजनक फोटो खींच लिए थे जिसके बाद से वह लगातार ब्लैकमेल कर रहा है।
हापुड़/गढ़मुक्तेश्वर [प्रिंस शर्मा]। दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के एक गांव में मायके में रहने आकर रह रही महिला का तमंचे के बल पर अपहरण कर एक आरोपित ने जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया। पुलिस से शिकायत करने पर आरोपित ने महिला व उसके परिवार के लोगों की हत्या करने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है। शर्मसार करने वाला यह मामला सिंभावली थाना क्षेत्र का है।
जागरण संवाददाता से मिली जानकारी के मुताबिक, सिंभावली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि करीब डेढ वर्ष पूर्व उसका निकाह जनपद मेरठ क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से हुआ था। छह जून काे वह महिला अपने मायके में रहने के लिए आ रही थी। रास्ते में उसके गांव निवासी नफीस ने तमंचे के बल पर महिला का अपहरण लिया। आरोपित महिला को पास के जंगल में ले गया। जहां आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस से शिकायत करने पर आरोपित ने पीड़िता व उसके परिवार के लोगों की हत्या करने की धमकी दी।
बृहस्पतिवार को पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कारवाई करने की मांग की। महिला ने पुलिस को बताया कि निकाह से पहले गांव निवासी नफीस ने उसके साथ कुछ आपत्तिजनक फोटो खींच लिए थे। निकाह के बाद आरोपित फोटो वायरल करने की धमकी देकर लगातार पीड़िता को ब्लैकमैल करता आ रहा था।
पूरी घटना के बाबत थाना सिंभावली प्रभारी महेंद्र कुमार त्रिपाठी (Police station incharge Mahendra Kumar Tripathi) ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यहां पर बता दें कि इससे पहले हापुड़ में ही एक अन्य महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया था, जिसमें इसके पति पर भी इस कृत्य में शामिल होने का आरोप लगा था।