Hapur News: कुत्ते और बंदरों से टकराने से हुआ हादसा, लोकदल पंचायतीराज प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष नानक चंद शर्मा घायल
शुक्रवार सुबह लोकदल पंचायतीराज प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष नानक चंद शर्मा कुत्ते और बंदरों के झुंड से टकराकर घायल हो गए। नानक चंद शर्मा ने बताया कि वह रोजाना सुबह करीब पांच पांच बजे चंडी मंदिर जाते हैं। शुक्रवार सुबह भी वह बाइक द्वारा मंदिर गए थे।
हापुड़, जागरण संवाददाता। शहर में कुत्ते और बंदरों का आतंक चरम पर है। गली-मोहल्लों में लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। यही नहीं अब मुख्य मार्गों पर भी कुत्ते और बंदरों का झुंड दिखाई दे रहा है।
शुक्रवार सुबह लोकदल पंचायतीराज प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष नानक चंद शर्मा कुत्ते और बंदरों के झुंड से टकराकर घायल हो गए। नानक चंद शर्मा ने बताया कि वह रोजाना सुबह करीब पांच पांच बजे चंडी मंदिर जाते हैं। शुक्रवार सुबह भी वह बाइक द्वारा मंदिर गए थे।
जाते समय नगर कोतवाली के निकट पहुंचे तो बंदरों के झुंड पर कुत्तों ने हमला कर दिया। बंदर और कुत्तों का झुंड तेज गति से सड़क पार करने लगा। बाइक के सामने बंदर और कुत्तों के आने से वह टकराकर सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
उनके बाएं पैर की हड्डी में फैक्चर आया है। चिकित्सक ने उस पर प्लास्टर चढ़ाया है। जिसके चलते नानक चंद शर्मा ने सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक, व्यक्तिगत कार्यक्रमों में शामिल होने से इन्कार कर दिया है।
वहीं उनके स्वास्थ्य की जानकारी के लिए लोग पहुंच रहे हैं। शहर के लोगों का कहना है कि जिम्मेदार विभागों को कुत्ते और बंदरों के आंतक से छुटकारा दिलाने के लिए सख्त कदम उठाने चाहिए।