लॉकडाउन : सड़कों पर मुस्तैद रही खाकी, निरीक्षण के लिए पहुंचे आइजी
जागरण संवाददाता हापुड़ मुहर्रम पर्व व लॉकडाउन के चलते जनपद में दिन निकलते ही पुलिस सख्त
जागरण संवाददाता, हापुड़ :
मुहर्रम पर्व व लॉकडाउन के चलते जनपद में दिन निकलते ही पुलिस सख्ती के साथ तैनात रही। दोपहर के समय पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मेरठ रेंज आइजी प्रवीण कुमार ने औचक निरीक्षण के लिए जनपद में पहुंचे। आइजी ने मुख्य मार्गों व चौराहों पर पुलिस पिकेट ड्यूटी की जांच की। धार्मिक स्थलों से लेकर अतिसंवेदनशील व मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था रही। पुलिस अधिकारी भी दिनभर जनपद में गश्त करते रहे। जिसके चलते शांतिपूर्ण ढंग से लोगों ने घरों में रहकर ही मुहर्रम पर्व मनाया।
साप्ताहिक लॉकडाउन व मुहर्रम पर्व के मद्देनजर पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने जनपद में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए थे। रात के समय से ही पुलिस को सतर्कता बरतने के आदेश जारी किए थे। रविवार को दिन निकलते ही धार्मिक स्थलों से लेकर अति संवेदनशील व मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र में खाकी तैनात हो गई। व्यवस्थाओं को परखने के लिए अपर जिलाधिकारी जयनाथ यादव व एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा दिन निकलते ही गश्त के लिए सड़कों पर निकल गए। पुलिस की सख्ती के चलते मुहर्रम पर जुलूस आदि नहीं निकाला गया।
दोपहर के समय पुलिस व्यवस्थाओं को परखने के लिए आइजी प्रवीन कुमार अचानक जनपद पहुंचे। आइजी ने मेरठ रोड व तहसील चौराहे पर लगी तैनात पुलिस पिकेट ड्यूटी की जांच पड़ताल की। पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। पुलिसकर्मी सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी करें। रात के समय होने वाली घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाए। वाहनों चेकिग सख्ती के साथ की जाए। इस मौके पर एसपी संजीव सुमन, एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा, सीओ सिटी राजेश कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। इसके अलावा दिनभर आला अधिकारी जनपद भर की अपडेट लेते रहे। पुलिस की सख्ती व सतर्कता के चलते लोगों ने घरों में रहकर ही मुहर्रम पर्व मनाया।
बता दें कि प्रत्येक वर्ष मोहर्रम पर जुलूस निकलते थे, लेकिन इस बार कोरोना वायरस के संक्रमण को बढ़ने से रोकने के लिए किसी भी जुलूस पर पाबंदी रही। सरकार की गाइडलाइनों का जनपद में अधिकारियों ने पूर्ण रूप से पालन कराया।