हापुड़ की श्रेया कंसल ने सीबीएसई 12वीं में 99% अंक पाकर किया कमाल, अब सीए बनने का सपना
हापुड़ की श्रेया कंसल ने सीबीएसई 12वीं में 99% अंक हासिल कर परिवार का नाम रोशन किया है और अब सीए बनने का लक्ष्य रखा है।
-1778769197724_m.webp)
अब सीए बनने का लक्ष्य रखा। जागरण
संवाद सहयोगी, हापुड़। हापुड़ में मेरठ गेट स्थित मोहल्ला ब्रह्मनान खारी कुआं की रहने वाली श्रेया कंसल ने सीबीएसई बोर्ड के कक्षा 12वीं में 99 प्रतिशत अंक लाकर नाम रोशन किया है। उनके स्वजन सहित रिश्तेदार बधाई देने घर पहुंच रहे हैं। उनके स्वजन ने श्रेया की मेहनत को श्रेय देकर उज्जवल भविष्य की शुभकामना दी हैं।
श्रेया कंसल के पिता अनुराग कंसल ने बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनके एक बेटा, एक बेटी, पत्नी और माता साथ में रहती हैं। उनके दोनों बच्चे बचपन से पढ़ाई में होशियार है। श्रेया का सपना सीए बनने का है। क्योंकि उसके बड़े भाई भी सीए की तैयारी कर रहे हैं। जिसके चलते उसने भी सीए बनने की ठान ली है।
श्रेया ने बताया कि उन्होंने पढ़ाई के लिए केवल तीन से चार घंटे मेहनत की है। परीक्षा से पहले फोन से दूरी बना ली, जिससे पढ़ाई बेहतर हो सके। सीए की परीक्षा देश की बड़ी परीक्षा में होती है। अभी से सीए की तैयारी शुरू करने के लिए पढ़ाई शुरू कर दी है। सीए बन कर स्वजन और क्षेत्र का नाम रोशन करना है।
वहीं वैष्णवी गर्ग दिल्ली पब्लिक स्कूल की कक्षा 12 की छात्रा है। बुधवार को सीबीएसई बोर्ड के परिणाम घोषित होने के बाद 98.8 प्रतिशत अंक आए हैं। उनके पिता हिमांशु गर्ग के अनुसार बेटी ने स्कूल में टाप और जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
