विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

युवाओं के लिए बड़ा मौका, स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड के लिए करें आवेदन, मिलेगी 50 हजार की सम्मान राशि

Published: Thu, 29 Oct 2026 05:25 PM (IST)

हापुड़ के युवाओं को राष्ट्रीय विकास और सामाजिक सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।

AI जनरेटेड इमेज

AI जनरेटेड इमेज

HighLights

  1. राष्ट्रीय विकास और सामाजिक सेवा में उत्कृष्ट योगदान हेतु पुरस्कार।

  2. 15-35 वर्ष के युवा, स्वैच्छिक कार्य करने वाले पात्र।

  3. 50 हजार नकद, पदक, प्रमाण पत्र और प्रतिमा मिलेगी।

जागरण संवाददाता, हापुड़। राष्ट्रीय विकास और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान करने वाले युवाओं को राज्य सरकार की ओर से स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।

2026-27 के लिए व्यक्तिगत श्रेणी में दिए जाने वाले इस पुरस्कार के लिए जनपद स्तर पर आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है। इच्छुक युवा 30 नवंबर 2026 तक अपने आवेदन जमा कर सकते हैं।

जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ऋषि कुमार ने बताया कि पुरस्कार के लिए 15 से 35 वर्ष की आयु के ऐसे युवा पात्र होंगे, जिन्होंने सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया हो। आवेदक का एक अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2026 तक समाज सेवा में संलग्न रहना आवश्यक है।

युवाओं द्वारा किए गए कार्य स्वैच्छिक होने चाहिए और उनके बदले कोई नकद भुगतान नहीं मिला होना चाहिए। पूर्व में यह पुरस्कार प्राप्त कर चुके युवा और केंद्र अथवा राज्य सरकार के अधिकारी-कर्मचारी इसके पात्र नहीं होंगे।

इन क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर सकेंगे आवेदन

खेलकूद, रक्तदान, नशामुक्ति, जल संरक्षण, सामाजिक वृक्षारोपण, परिवार कल्याण, जैविक खेती, सौर ऊर्जा, स्वच्छता, राष्ट्रीय एकीकरण, साक्षरता, आपदा प्रबंधन, मतदाता जागरूकता, स्वास्थ्य, अनुसंधान, कला, संस्कृति, साहित्य, मानवाधिकार, पर्यटन, पारंपरिक चिकित्सा, सामुदायिक सेवा और शैक्षिक उत्कृष्टता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान करने वाले युवा आवेदन कर सकते हैं।

वहीं, कमजोर वर्गों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप किए गए कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर देखा जाएगा। आवेदकों के कार्य स्पष्ट और उल्लेखनीय होने चाहिए। चयनित युवा को पुरस्कार स्वरूप 50 हजार रुपये नकद, एक पदक, प्रमाण पत्र और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा प्रदान की जाएगी।

यहां जमा करें आवेदन

इच्छुक युवा अपने प्रस्ताव जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, हापुड़ के कमरा नंबर 217 में किसी भी कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक जमा कर सकते हैं। आवेदन संबंधी अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7838910141 पर संपर्क किया जा सकता है।