हापुड़ में प्रदूषण पर लगेगी लगाम, एसटीपी से जुड़ेंगे नाले और ईटीपी की होगी औचक जांच
हापुड़ में प्रशासन ने नालों को एसटीपी से जोड़ने और औद्योगिक इकाइयों के ईटीपी की जांच कर प्रदूषण पर अंकुश ...और पढ़ें

एसटीपी से जुड़ेंगे नाले और ईटीपी की होगी औचक जांच ( एआई जेनरेटेड इमेज )
जागरण संवाददाता, हापुड़। शहर में नालों का गंदा पानी सीधे जलस्रोतों तक पहुंचने से रोकने और औद्योगिक प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती की तैयारी की है।
रामपुर रोड स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) से सभी नालों को जोड़ने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी। वहीं, जिले की औद्योगिक इकाइयों में स्थापित एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) के संचालन की हकीकत जानने के लिए औचक निरीक्षण कराए जाएंगे।
वृक्षारोपण के लिए जियोटैगिंग के निर्देश
इसके साथ ही अधूरे वृक्षारोपण की जियोटैगिंग दो दिन में पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी मोनिका सिंह की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति, जिला वृक्षारोपण समिति और जिला गंगा समिति की संयुक्त बैठक हुई।
इसमें पर्यावरण संरक्षण, ठोस कचरे के उचित निस्तारण, पौधारोपण और गंगा की स्वच्छता से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की गई।
एसटीपी से जोड़ने होंगे सभी नाले
जिला गंगा समिति के अंतर्गत जिले में स्थापित सभी एसटीपी को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए टीम गठित कर निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए।
जल निगम ग्रामीण और नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को रामपुर रोड स्थित एसटीपी से सभी नालों को जोड़ने के लिए कार्ययोजना तैयार कर कार्रवाई करने को कहा गया।
वहीं, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के गाजियाबाद और हापुड़ के अधिकारियों को जिले की सभी औद्योगिक इकाइयों में ईटीपी के संचालन का औचक निरीक्षण कर जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।
जिला वृक्षारोपण समिति की समीक्षा के दौरान वर्ष 2026-27 में किए गए पौधारोपण की जियोटैगिंग की स्थिति पर चर्चा हुई। जिन विभागों में यह काम अधूरा है, उन्हें दो दिन में प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छ हवा पर जोर
जिला पर्यावरण समिति की बैठक में नगर निकायों को ठोस कचरे के उचित निस्तारण और संबंधित व्यवस्थाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। आगामी पौधारोपण में ऐसी वृक्ष प्रजातियों को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया, जो वायु गुणवत्ता सुधारने और प्रदूषण नियंत्रित करने में सहायक हों।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी गौतम सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी शिव बिहारी शुक्ला, उप कृषि निदेशक योगेंद्र कुमार, नगर पालिका हापुड़ के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार, गढ़मुक्तेश्वर की अधिशासी अधिकारी पवित्रा त्रिपाठी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि सौरभ कुकरेती, सामाजिक कार्यकर्ता भारत भूषण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
