Hapur: तेज हवा के साथ हुई वर्षा, मौसम हुआ सुहाना, जिले में ब्लैक आउट से परेशान हुए लोग
शनिवार की सुबह लगभग साढ़े पांच बजे अचानक तेज हवा चली और लगभग सात बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई। बीच-बीच में तेज वर्षा भी हुई। इससे लोगों को गर्मी से छुटकारा मिला है और मौसम सुहावना हो गया है।
हापुड़, जागरण संवाददाता। मौसम हर दिन करवट ले रहा है। शुक्रवार को जहां तेज धूप निकली थी तो वहीं शनिवार की सुबह से ही आंधी के साथ वर्षा हो रही है। जिसके चलते जिले में विद्युत आपूर्ति को बंद कर दिया गया है। सुबह छह बजे से नौ बजे तक भी आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी थी। इसकी वजह लगातार हो रही धीमी वर्षा और हवा है।
वर्षा के कारण बंद हुई विद्युत आपूर्ति से सुबह के समय घरों में होने वाले कार्य प्रभावित हुए हैं। यहां तक कि आफिस जाने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जल्दी खुलने वाली दुकानों के शटर सुबह नौ बजे तक भी नहीं खुल सके थे। जबकि, आम दिनों में यह दुकानें सुबह आठ बजे तक खुल जाती हैं। लगातार मौसम में बदलाव से लोग बीमार हो रहे हैं।
अस्पतालों में खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ितों की भारी भीड़ प्रतिदिन पहुंच रही है। वर्षा के चलते बिजली आपूर्ति इसलिए बंद कर दी गई है, जिससे कि कोई हादसा न हो। शहर से लेकर देहात तक यही हाल बना हुआ है। हर दिन घंटों तक इसी के चलते आपूर्ति बाधित रहने से भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।
शनिवार की सुबह लगभग साढ़े पांच बजे अचानक तेज हवा चली और लगभग सात बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई। बीच-बीच में तेज वर्षा भी हुई। इससे लोगों को गर्मी से छुटकारा मिला है और मौसम सुहावना हो गया है।