विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़: बदरीनाथ की टिकट कटाने गए डिप्टी CMO पर जानलेवा हमला, सिर फोड़कर आरोपी फरार

Published: Tue, 20 Oct 2026 10:32 PM (IST)

हापुड़ रेलवे स्टेशन पर बदरीनाथ के लिए टिकट बुक कराने पहुंचे डिप्टी सीएमओ डॉ. धर्मेश कंसल और उनके साथी अमित गर्ग पर दो लोगों ने हमला कर दिया।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

जागरण संवाददाता, हापुड़। रेलवे स्टेशन पर बदरीनाथ जाने के लिए टिकट बुक कराने पहुंचे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहरा में तैनात चिकित्सक और डिप्टी सीएमओ डॉ. धर्मेश कंसल पर दो लोगों ने हमला कर दिया। आरोपितों ने किसी ठोस वस्तु से दोनों के सिर पर वार कर उन्हें घायल कर दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची जीआरपी ने आरोपितों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस अब स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

जानकारी के अनुसार, डिप्टी सीएमओ डॉ. धर्मेश कंसल अपने साथी श्रीनगर कालोनी के अमित गर्ग के साथ बदरीनाथ जाने के लिए टिकट बुक कराने रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। बताया गया कि दोनों स्टेशन पर बेंच पर बैठे हुए थे। इसी दौरान दो लोग वहां पहुंचे और उन पर हमला कर दिया।

सिर पर वार से दोनों हुए घायल

आरोपितों ने किसी ठोस वस्तु से उनके सिर पर वार किया, जिससे दोनों घायल हो गए। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं, वारदात के बाद दोनों हमलावर फरार हो गए।

पीड़ितों ने घटना की जानकारी जीआरपी को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल करने के साथ ही हमलावरों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। घटना के पीछे की वजह भी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

सीओ जीआरपी अशोक सिसोदिया ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराई जा रही है। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार कराया जाएगा।