हापुड़ रेलवे स्टेशन के यात्रियों के लिए बड़ी राहत, नवंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा नया फुट ओवरब्रिज
हापुड़ रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से ...और पढ़ें

नवंबर तक तैयार होगा एफओबी। फोटो: एआई जनरेटेड
जागरण जागरण, हापुड़। अमृत भारत योजना के तहत हापुड़ रेलवे स्टेशन पर चल रहे जीर्णोद्धार कार्य को जल्द गति मिलने वाली है। स्टेशन पर 12 मीटर चौड़े नए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण के लिए शेष हिस्से के गार्डर और अन्य सामान पहुंच गया है।
तीसरे चरण में काम शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। उम्मीद है कि नवंबर तक एफओबी बनकर तैयार हो जाएगा। इसके शुरू होने से यात्रियों को एक से दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। वहीं, लाइन पार क्षेत्र की कई कॉलोनियों के हजारों निवासियों को भी लाभ होगा।
नवंबर तक तैयार होगा नया एफओबी
स्टेशन अधीक्षक रामकेश मीना ने बताया कि रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर उसकी सूरत बदलने के लिए करीब तीन वर्ष पहले अमृत भारत योजना के तहत जीर्णोद्धार कार्य शुरू कराया गया था।
व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस स्टेशन पर प्रतिदिन करीब 60 जोड़ी पैसेंजर, एक्सप्रेस और स्पेशल ट्रेनों का ठहराव होता है। इनके माध्यम से हजारों यात्री सफर करते हैं।
गुड़ और अनाज के कारोबार के चलते भी यहां बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है। अंग्रेजों के शासनकाल में बने इस स्टेशन पर सुविधाओं के विस्तार की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
तीसरे चरण में प्लेटफॉर्म पांच से गार्डर
एफओबी के निर्माण के लिए रेलवे पहले ही दो चरणों में गार्डर स्थापित करने का काम पूरा करा चुका है। पहले चरण में स्टेशन के बाहरी छोर से प्लेटफॉर्म नंबर दो तक और दूसरे चरण में प्लेटफॉर्म नंबर तीन से चार तक गार्डर रखे गए थे।
अब तीसरे चरण में प्लेटफॉर्म नंबर पांच से स्टेशन के दूसरे छोर तक गार्डर स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए आवश्यक सामग्री लखनऊ से पहुंच चुकी है। ब्लाक लेकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।
दर्जनों कॉलोनियों के लोगों को होगा फायदा
एफओबी बनने से यात्रियों को स्टेशन के एक छोर से दूसरे छोर तक सुरक्षित और सुगम आवागमन का विकल्प मिलेगा। खासकर लाइन पार क्षेत्र में रहने वाले आवास विकास कॉलोनी, मिथिलेश विहार, एडवोकेट कॉलोनी और गांधी विहार समेत दर्जनों कॉलोनियों के हजारों लोगों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
