विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ में वाहन चेकिंग के दौरान वसूली का वीडियो वायरल, दो पुलिसकर्मी निलंबित

Published: Thu, 24 Sep 2026 06:32 PM (IST)

हापुड़ में वाहन चेकिंग के दौरान वर्दीधारी द्वारा रुपये लेने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप ...और पढ़ें

हापुड़ पुलिस।

हापुड़ पुलिस।

जागरण संवाददाता, हापुड़। हापुड़ में निजामपुर तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान वर्दीधारी के रुपये लेने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई।

वीडियो में रुपये लेने के किए जा रहे दावे का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने मामले में तत्काल कार्रवाई की। यातायात कार्यालय में तैनात मुख्य आरक्षी विजय सिंह और आरक्षी जयपाल सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

वहीं, ड्यूटी में शामिल होमगार्ड सुनील त्यागी और पीआरडी जवान वीरेंद्र सिंह के विरुद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है।

इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो के साथ किए जा रहे दावे के अनुसार, निजामपुर तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान यातायात पुलिसकर्मियों ने एक पुराने वाहन को रोक लिया था।

आरोप है कि वाहन को छोड़ने के एवज में रुपये लिए गए। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने रुपये लेने की पूरी घटना का वीडियो बना लिया। बाद में वीडियो को सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर प्रसारित कर दिया गया। वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस की वाहन चेकिंग व्यवस्था और वसूली के आरोपों को लेकर सवाल खड़े होने लगे।

मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने प्रथमदृष्टया कार्रवाई करते हुए मुख्य आरक्षी विजय सिंह और आरक्षी जयपाल सिंह को निलंबित कर दिया। दोनों की तैनाती यातायात कार्यालय जनपद हापुड़ में थी।

इसके अलावा ड्यूटी से जुड़े होमगार्ड सुनील त्यागी और पीआरडी जवान वीरेंद्र सिंह के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए उनके संबंधित उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है।

पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि विभागीय स्तर पर अनुशासनहीनता या भ्रष्टाचार संबंधी किसी भी शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा। वीडियो के प्रसारित होने के बाद की गई कार्रवाई से यातायात पुलिसकर्मियों में भी खलबली मची हुई है।