हापुड़ में मुनीम से लूट कांड का 48 घंटे में पर्दाफाश, पुलिस ने दबोचे तीन बदमाश
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में एक व्यापारी के मुनीम से मिर्च पाउडर डालकर हुई 1.75 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने 48 घंटे में पर्दाफाश कर दिया है।
-1786983282952_m.webp)
लूट के आरोपी गिरफ्तार। जागरण
HighLights
गढ़मुक्तेश्वर में मुनीम से हुई थी 1.75 लाख की लूट।
पुलिस ने 48 घंटे में तीन लुटेरों को दबोचा।
लूटी गई नकदी, चेकबुक और हथियार बरामद किए गए।
संवाद सहयोगी, गढ़मुक्तेश्वर। हापुड़ में नगर के एक व्यापारी के मुनीम से बाइक सवार बदमाशों ने शुक्रवार की रात आंखों में र्मिची पाऊडर डालकर करीब एक लाख 75 हजार रुपये लूट लिए। घटना को अंजाम देकर बदमाश बाइक से फरार हो गए। इस घटना के बाद पुलिस में अफरा तफरी मच गई है।
वहीं, घटना के 48 घंटे के अंदर ही पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार करते हुए उनसे लूटी गई नकदी एवं चेकबुक को बरामद कर लिया है।
नगर के रहने वाले व्यापारी तनु गोयल के पास कई कंपनियों की एजेंसी है। शुक्रवार की देर शाम उनका मुनीम आशीष अग्रवाल ब्रजघाट से करीब एक लाख 80 हजार रुपये एकत्र करके वापस गढ़मुक्तेश्वर आ रहा था।
वह जैसे ही स्याना पुलिस चौकी से आगे फाटक को पार करके नगर की तरफ बढ़ा तो अचानक पीछे से बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने मुनीम आशीष अग्रवाल की आंखों में मिर्च पाऊडर डालकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए थे।
मुनीम की आंखों में मिर्च गिरने के कारण वह सड़क पर चिल्लाते हुए लोगों को अपने साथ हुई लूट की घटना से अवगत कराने लगा था। किसी राहगीर ने इस बात की सूचना पुलिस को दी थी। लूट की सूचना मिलने के बाद पुलिस में अफरा तफरी मच गई थी। चंद मिनटों में ही पुलिस मौके पर पहुंच गई तथा मामले की जांच शुरू कर दी थी।
वहीं, व्यापारियों में लूट की खबर पहुंची तो वह एकत्र होकर कोतवाली पहुंच गए तथा बढ़ते अपराधों को लेकर नाराजगी जताई। लूट की इस घटना के 48 घंटे के अंदर ही पुलिस ने बदमाशों को गिरफ्तार करते हुए उनसे लूटी गई नकदी एवं चेकबुक को बरामद कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने सीसीटीवी के माध्यम से बदमाशों की पहचान करते हुए उनको गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में बदमाशों ने अपने नाम पते नगर के उपाध्याय नगर में रहने वाले शिवा पुत्र राजन, शिवा पुत्र गंगादत्त, सुमित पुत्र बबलू बताएं है।
पुलिस ने इनके पास से लूटी गई रकम में से एक लाख नौ हजार 30 रुपये की नकदी और चेकबुक को बरामद किया है। इसके अतिरिक्त पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक, एक तमंचा 315 बोर एवं कारतूस, दो चाकू को भी बरामद किया है। पुलिस ने उनको संबंधित धाराओं में गिरफ्तार करते हुए अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
