पेट्रोल के काले कारोबार का भंडाफोड़, हापुड़ में ताबड़तोड़ छापामारी; दो आरोपी दबोचे
हापुड़ में बुलंदशहर रोड पर बोतलों में अवैध पेट्रोल बेचने के आरोप में पुलिस ने छापा मारकर दो लोगों को ...और पढ़ें
-1790386232394_m.webp)
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। जागरण
HighLights
हापुड़ में बोतलों में अवैध पेट्रोल बिक्री पर पुलिस का छापा।
बुलंदशहर रोड से दो आरोपितों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस पेट्रोल के स्रोत, मिलावट और साजिश की जांच कर रही।
जागरण संवाददाता, हापुड़। हापुड़ में बुलंदशहर रोड पर खुलेआम बोतलों में पेट्रोल बेचने के कथित अवैध कारोबार की सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर दो आरोपितों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक आरोपित पकड़ से निकलकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसका काफी दूर तक पीछा कर उसे दबोच लिया। दोनों आरोपितों को कोतवाली नगर लाकर पूछताछ की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुलंदशहर रोड स्थित एक दुकान पर पेट्रोल को बोतलों में भरकर करीब 110 रुपये प्रति लीटर की दर से बेचा जा रहा था। इसी दौरान एक युवक पेट्रोल खरीदने के लिए दुकान पर पहुंचा। दुकानदार ने जैसे ही बोतल में पेट्रोल भरकर उसे दिया और रुपये लिए, तभी पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस को देखते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। इसी बीच एक आरोपित पुलिसकर्मियों की पकड़ से निकलकर भागने लगा। पुलिसकर्मी उसके पीछे दौड़े और काफी दूरी तक पीछा करने के बाद उसे पकड़ लिया। इसके बाद दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर कोतवाली नगर लाया गया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पेट्रोल कहां से लाया जा रहा था और उसे बोतलों में भरकर किस तरह ग्राहकों को बेचा जा रहा था। इसके साथ ही इस कारोबार में अन्य लोगों की संलिप्तता और पेट्रोल में मिलावट किए जाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
बोतलों में पेट्रोल रखना भी जोखिम भरा
पेट्रोल अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ है। खुले में या अनुपयुक्त कंटेनरों में इसका भंडारण और बिक्री आग की गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। दुकान के आसपास किसी भी तरह की चिंगारी, धूम्रपान या अन्य ज्वलनशील स्रोत होने पर खतरा और बढ़ जाता है।
बताया कि यदि पेट्रोल में मिलावट की पुष्टि होती है तो इससे वाहनों के इंजन के प्रदर्शन और उत्सर्जन पर भी असर पड़ सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कहीं कोई बड़ी साजिश तो नहीं
बुलंदशहर रोड पर जहां पेट्रोल प्लास्टिक की बोतलों में मिला है, उसके आसपास दो पेट्रोल पंप हैं। मात्र एक किमी की दूरी पर दो पेट्रोल पंप होने के बावजूद प्लास्टिक की बोतलों में पेट्रोल का भंडारण किसी की समझ में नहीं आ रहा है।
जानकारी के अनुसार, अभी पेट्रोल की 15-20 बोतल ही मिली हैं, लेकिन माना जा रहा है कि इनकी संख्या ज्यादा हो सकती है। त्यौहारी सीजन में पेट्रोल का प्लास्टिक की बोतलों में भंडारण किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है। इसको देखते हुए पुलिस आरोपितों से गहनता से पूछताछ कर रही है।
प्लास्टिक की बोतलों में पेट्रोल रखने और बेचने के दो आरोपित युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। लगता है यह मामला पेट्रोल की कालाबाजारी का है। कोई गंभीर मामला नहीं है। - सुरेश कुमार एसएचओ सिटी
