हापुड़, जागरण संवाददाता। दहेज उत्पीड़न के मामले में दबिश देने के लिए थाना देहात क्षेत्र के गांव मुरादपुर में पहुंची हरियाणा पुलिस टीम पर आरोपितों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान टीम द्वारा गिरफ्तार की गई महिला आरोपित को आरोपितों ने मौके से भगा दिया। हमले में टीम में शामिल दो महिला हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गईं। किसी तरह टीम जान बचाकर थाने पहुंची और पुलिस को सूचना दी। हरियाणा पुलिस की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद समेत छह अज्ञात आरोपितों के खिलाफ की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, आरोपित घर छोड़कर फरार हो गए हैं।

जानें पूरा मामला

एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि हरियाणा के जिला फरीदाबाद की रहने वाले सुरेश पाल की पुत्री अंशु की शादी चार दिसंबर 2011 को थाना देहात क्षेत्र के गांव मुरादपुर के रहने वाले विपिन के साथ हुई थी। नौ मई 2022 को अंशु ने फरीदाबाद के महिला थाना में पति समेत ससुराल पक्ष के मोनिका, संजीव, धनदेवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

महिला का आरोप था कि उसे तलाक दिए बिना पति विपिन ने मोनिका नामक महिला से दूसरी शादी कर ली थी। ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए पीड़िता का उत्पीड़न करते थे। 19 सितंबर 2013 को आरोपितों ने पीड़िता के पुत्र को छीनकर घर से निकाल दिया था, जिसके बाद से वह मायके में रह रही है। मामले में पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ न्यायालय में आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी थी।

न्यायालय में पेश न होने पर चार मार्च 2023 को नामजद आरोपितों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए थे। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए फरीदाबाद के महिला थाने से हेड कांस्टेबल सम्मत, रेनू, सतीश व कांस्टेबल सिपाही नरेश शनिवार दोपहर गांव मुरादपुर में दबिश के लिए पहुंचे थे। पुलिस टीम ने मोनिका को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया था। इस दौरान आरोपित पक्ष के लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया।

हमले में टीम में शामिल हेड कांस्टेबल सम्मत और रेनू घायल हो गईं। मामला गंभीर होते देखकर पुलिस टीम किसी तरह थाना देहात पहुंची और पुलिस को सूचना दी। मामले की जानकारी पर देहात पुलिस आरोपितों के घर पहुंची, लेकिन वह फरार हो चुके थे। मामले में हरियाणा पुलिस की तहरीर पर मोनिका और छह अज्ञात आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घायल महिला पुलिस कर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Edited By: Abhi Malviya