15 लाख के गहने का एक घंटे में ही खुल गया राज, हापुड़ में व्यापारी के घर से हुए थे गायब
हापुड़ के सिंभावली में एक व्यापारी के घर से गायब हुए 15 लाख रुपये के गहने और नकदी पुलिस की ...और पढ़ें

हापुड़ पुलिस।
संवाद सहयोगी, सिंभावली (हापुड़)। हापुड़ में थाना क्षेत्र की सुभाष विहार कॉलोनी के व्यापारी के घर से करीब 15 लाख रुपए के गहने और नकदी गायब होने का पुलिस की जांच के एक घंटे बाद ही राज खुल गया।
वहीं, सामान मिलने से व्यापारी के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। व्यापारी ने अपने अन्य व्यापारियों के साथ थाने पहुंचकर सूचना दी थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी ने बताया कि बृहस्पतिवार को कस्बे के रहने वाले व्यापारी अरुण ने अपने घर से करीब 15 लाख रुपए के जेवरात और और नगदी गायब होने की सूचना दी थी।
व्यापारी ने दो दिन पहले घर आए परिचितों पर गहने और रुपये गायब करने का शक जताया। इस सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने व्यापारी के साथ घर में सर्च ऑपरेशन चलाते हुए कमरों और सामान की जांच-पड़ताल की। इस दौरान गायब बताए जा रहे लाखों रुपये के गहने और नकदी बेड के पास रखी एक थैली में मिल गए। गहने और रुपये सुरक्षित मिलने के बाद व्यापारी के चेहरे पर खुशी लौट आई। उसने पुलिस का धन्यवाद करते हुए पुलिस की तत्परता और जांच की सराहना की।
