हापुड़ में लागू होगा रूट डायवर्जन, त्योहारों पर जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस अलर्ट
हापुड़ पुलिस ने रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी त्योहारों पर भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी ...और पढ़ें

हापुड़ में लागू होगा रूट डायवर्जन।
HighLights
रक्षाबंधन, जन्माष्टमी पर यातायात व्यवस्था की तैयारियां तेज।
मुख्य बाजारों में भीड़ के लिए रूट डायवर्जन होगा।
अवैध पार्किंग पर कार्रवाई, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात।
जागरण संवाददाता, हापुड़। रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के त्योहारों पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
त्योहारों के दौरान शहर में जाम की स्थिति न बने और लोगों को सुगम आवागमन मिल सके, इसके लिए यातायात पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित यातायात कार्यालय में पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) दीपक चतुर्वेदी ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के साथ समीक्षा गोष्ठी कर तैयारियों की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को त्योहारों के दौरान मुस्तैदी से ड्यूटी करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
जरूरत के अनुसार बदलेगा यातायात
सीओ यातायात ने बताया कि रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर मुख्य बाजारों में खरीदारी करने वालों की भीड़ बढ़ने की संभावना है। ऐसे में मुख्य बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील चौराहों पर जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। सड़कों और मुख्य मार्गों पर बेतरतीब खड़े वाहनों और अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
शहर के व्यस्त चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। जाम लगने या किसी वाहन के खराब होने की स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाने के लिए क्रेन और गश्ती टीमों को भी अलर्ट रखा गया है।
नागरिकों से सहयोग की अपील
सीओ यातायात दीपक चतुर्वेदी ने रात में नौ बजे आयोजित बैठक के बाद कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन, महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।
उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को लोगों के साथ शालीन व्यवहार करने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने की अपील की, ताकि त्योहारों के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
