हापुड़ में PET की परीक्षा आज: 13 केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात, चेकिंग के बाद अभ्यर्थियों की एंट्री
हापुड़ जिले में रविवार को 13 केंद्रों पर प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। नकलविहीन परीक्षा ...और पढ़ें
-1792905250473_m.webp)
पीईटी परीक्षा के दौरान प्रवेश देने से पहले अभ्यर्थियों का प्रवेश पत्र देखती महिला पुलिसकर्मी। जागरण
HighLights
हापुड़ में 13 केंद्रों पर पीईटी परीक्षा का आयोजन।
नकल रोकने हेतु अभ्यर्थियों की सघन जांच और सुरक्षा व्यवस्था।
विभिन्न जिलों से आए अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
हर्ष अग्रवाल, हापुड़। हापुड़ जिले में रविवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) दो पालियों में कराई जा रही है। 13 केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा की पहली पाली में अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद प्रवेश दिया गया।
नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा, जबकि प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की तलाशी लेकर प्रतिबंधित वस्तुओं की जांच की गई।
सुबह से ही केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की आवाजाही दिखाई दी। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें परीक्षा कक्षों में भेजा गया। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रानिक उपकरण और प्रतिबंधित सामान अंदर ले जाने पर रोक रही। अधिकारियों की निगरानी में परीक्षा संबंधी व्यवस्थाएं संचालित की जा रही हैं।
वहीं, पहली पाली के बाद दूसरी पाली के लिए भी निर्धारित समय के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
पीईटी में शामिल होने के लिए मैनपुरी, आगरा, बुलंदशहर, मेरठ, बिजनौर और मुरादाबाद समेत विभिन्न जिलों से अभ्यर्थी हापुड़ पहुंचे हैं। रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर सुबह से चहल-पहल रही।
बाहरी जिलों से आए अभ्यर्थियों के कारण शहर में आवाजाही बढ़ गई। परीक्षा में शामिल होने के लिए कई अभ्यर्थियों ने एक दिन पहले ही यहां पहुंचकर ठहरने की व्यवस्था कर ली थी।
प्रशासन ने किए सुरक्षा इंतजाम
जिला विद्यालय निरीक्षक डा. श्वेता पूठिया ने बताया कि सभी 13 केंद्रों पर परीक्षा कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से एक घंटे पहले प्रवेश देने की व्यवस्था है।
जांच के बाद ही उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है। परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने और किसी भी अनियमितता को रोकने के लिए निगरानी की जा रही है।
