निकाह में डांस करने को लेकर भिड़े, युवती का हाथ टूटा; बीच-बचाव करने आई मां को भी पीटा
हापुड़ के रफीक नगर में एक निकाह समारोह में नाचने को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया, ...और पढ़ें
-1792211226843_m.webp)
डांस करने को लेकर विवाद हुआ। AI जनरेटेड
HighLights
हापुड़ निकाह में नाच को लेकर विवाद बढ़ा।
मारपीट में एक युवती का हाथ टूट गया।
पांच आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया।
केशव त्यागी, हापुड़। हापुड़ में नगर कोतवाली क्षेत्र के रफीक नगर में निकाह समारोह के दौरान डांस करने को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि कहासुनी के बाद रिश्तेदारों ने एक युवक की मां और बहनों पर लाठी-डंडों व बेल्ट से हमला कर दिया।
वहीं, मारपीट में एक युवती का हाथ टूट गया, जबकि उसकी मां के पैरों और कमर में चोटें आई हैं। मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
निकाह में शामिल होने आया
बुलंदशहर के थाना शिकारपुर क्षेत्र के रामपुर मानपुर (ठेरा) के मुश्तकीम ने बताया कि तीन अक्टूबर को वह अपने तहेरे भाई शमशाद के बेटे की निकाह में शामिल होने के लिए रफीक नगर की गली नंबर सात आया था।
समारोह में उसकी बुआ के बेटे बुलंदशहर के थाना गुलावठी क्षेत्र के गांव गेसूपुर का अन्नू और मौसीन उर्फ भोला भी पहुंचे थे। आरोप है कि बारात में नाचने को लेकर मुश्तकीम की बहन और अन्नू की पत्नी के बीच कहासुनी हो गई।
आरोपी मौके से फरार
आरोप है कि इसी बात को लेकर अन्नू, मौसीन उर्फ भोला, शोएब और दो अज्ञात आरोपियों ने उसकी मां खेरुन और बहनों के साथ मारपीट की। हमले में उसकी बहन शमा के हाथ की हड्डी टूट गई, जबकि मां के पैरों और कमर में अंदरूनी चोटें आईं। मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने 9 अक्टूबर को कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। मगर कार्रवाई नहीं की गई। जिसके बाद पीड़ित ने एसपी से शिकायत की।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि एसपी के आदेश पर पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
